🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

बांदा में मोमोज खाने के बाद छात्रों की तबीयत बिगड़ी, 2 की मौत; एक की हालत गंभीर

बांदा के आवासीय स्कूल में मोमोज खाने के बाद कई छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। 12 और 8 साल के दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। परिजनों ने मोमोज खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की बात कही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए मौत की वजह पता कर रही है।
Follow on Google News
बांदा में मोमोज खाने के बाद छात्रों की तबीयत बिगड़ी, 2 की मौत; एक की हालत गंभीर

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक आवासीय विद्यालय में मोमोज खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित बीएल विद्या मंदिर आवासीय एवं दैनिक विद्यालय की है। तबीयत बिगड़ने के बाद दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बच्चों ने देर रात स्कूल में मोमोज खाए थे। इसके कुछ समय बाद कई बच्चों ने पेट में तेज दर्द और तबीयत खराब होने की शिकायत की। हालत बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन बच्चों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा।

अस्पताल पहुंचते ही एक बच्चे की मौत

डॉक्टरों ने 12 वर्षीय नितिन को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया। नितिन बांदा के गिरवां थाना क्षेत्र के सरस्वाहा गांव का रहने वाला था। वहीं 8 वर्षीय अरुण की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। एक अन्य बच्चा अभी जिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मोमोज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत का दावा

घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों और अस्पताल में भर्ती बच्चों का दावा है कि स्कूल में मोमोज खाने के कुछ देर बाद ही पेट में तेज दर्द शुरू हुआ और इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालांकि, बच्चों की मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Breaking News

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के मुताबिक, आवासीय विद्यालय से दो बच्चों को तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। बच्चों की तबीयत मोमोज खाने से ही बिगड़ी थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा। घटना के बाद बच्चों के परिजनों में गम और आक्रोश का माहौल है। स्कूल प्रबंधन पर भी लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

icon

Latest Posts