Ram Mandir Darshan : प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला के दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब, राम पथ पर वाहनों की एंट्री बंद

Follow on Google News
Ram Mandir Darshan : प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला के दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब, राम पथ पर वाहनों की एंट्री बंद
अयोध्या। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंगलवार से मंदिर आम लोगों के लिए खोल दिया गया है और दर्शन शुरू हो चुके हैं। रात 3 बजे से ही रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अयोध्या में दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। मंदिर के पट खुलते ही लोगों में अंदर जाने के लिए होड़ मच गई। लोग धक्का-मुक्की करते दिखे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने मोर्चा संभाला। जिसके बाद दर्शनार्थियों को छोटे-छोटे ग्रुपों में अंदर भेजा जा रहा है।

सड़कों पर लगा लंबा जाम

अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के लिए उमड़ती भीड़ को देखते हुए राम पथ पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। लोगों को सिर्फ पैदल चलने की इजाजत है। अयोध्या आने वाले प्रमुख रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। जिसकी वजह से जाम लग गया। बिना पास के किसी भी वाहन को आज भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

हर घंटे रामलला को लगेगा भोग

राम मंदिर में अलसुबह 3 से 4:00 बजे के बीच मंत्र से रामलला को जगाया जाएगा, फिर मंगला आरती होगी। 5:30 बजे श्रृंगार आरती व 6 बजे से दर्शन शुरू होंगे। दोपहर में रामलला को पूड़ी-सब्जी, रबड़ी-खीर के भोग के अलावा हर घंटे दूध, फल व पेड़े का भी भोग लगेगा। फिर उत्थापन, शाम 7 बजे संध्या आरती और रामलला को सुलाते वक्त शयन आरती होगी।

हर दिन अलग रंग के वस्त्र धारण करेंगे रामलला

प्रभु श्रीराम विशेष अवसरों पर पीतांबर स्वरूप में नजर आएंगे। इसके अलावा भगवान राम सोमवार को सफेद, मंगलवार को लाल, बुधवार को हरा, गुरुवार को पीले, शुक्रवार को हल्का पीले, शनिवार को नीले और रविवार को गुलाबी रंग के वस्त्र धारण करेंगे।

दोपहर में 2 घंटे करेंगे विश्राम

दोपहर में 1 से 3 बजे तक मंदिर में दर्शन बंद रहेंगे। इस दौरान भगवान राम 2 घंटे तक विश्राम करेंगे। दोपहर 3 बजे दोबारा दर्शन शुरू होंगे, जो रात 10 बजे तक निरंतर चलते रहेंगे। शाम 7 बजे संध्या आरती होगी। रात 10 बजे प्रभु शयन के लिए जाएंगे और अगले दिन सुबह 8 बजे फिर से कपाट दर्शन के लिए खोले जाएंगे।

पीएम मोदी ने शेयर किया प्राण प्रतिष्ठा का वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्राण प्रतिष्ठा का वीडियो शेयर कर लिखा- हमने कल अयोध्या में जो देखा, वह आने वाले कई सालों तक हमारी यादों में अंकित रहेगा।

स्वर्ग सी सजी अयोध्या में विराजे रामलला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में राम मंदिर के गर्भगृह में 22 जनवरी 2024 (सोमवार) को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। 500 वर्षों के इंतजार के बाद आज प्रभु श्रीराम अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराज चुके हैं। राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हो गई है। यूपी के सीएम योगी, संघ प्रमुख मोहन भागवत समेत संत समाज और अति विशिष्ट लोगों की मौजूदगी में रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। ये भी पढ़ें-Ayodhya Ram Mandir : स्वर्ग सी सजी अयोध्या में विराजे रामलला, प्राण प्रतिष्ठा का दिव्य अनुष्ठान हुआ पूरा
People's Reporter
By People's Reporter
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts