अशोकनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में 4 की मौत; एक परिवार के 3 लोगों ने गंवाई जान

अशोकनगर जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। आरोन रोड पर तौकली गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की जान चली गई जबकि दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बेटे को लेकर अशोकनगर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक करैया राय निवासी शिवराज (35) अपनी पत्नी धनकुबेर (32) और सात वर्षीय बेटे कल्ला के साथ बाइक से अशोकनगर लौट रहे थे। बताया गया है कि रक्षाबंधन के चलते परिवार गांव गया था। परिजनों के अनुसार बच्चे का स्कूल मंगलवार से दोबारा शुरू होना था। इसी वजह से दंपती बेटे को साथ लेकर गांव से अशोकनगर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तौकली गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
ये भी पढ़ें: हरसूद में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
आमने-सामने हुई दोनों बाइकों की भिड़ंत
हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे। टक्कर में चार लोगों की मौके पर या उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
पति और बेटे की मौत से परिवार में मातम
हादसे के बाद जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पति और बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। अस्पताल में पत्नी धनकुबेर अपने पति के शव को देखकर बिलखती रही। हादसे की तस्वीर ने मौके पर मौजूद लोगों को भी झकझोर दिया।
ये भी पढ़ें: डबरा में युवती की संदिग्ध मौत से सनसनी, पिता और चाचा पर फांसी लगाने का आरोप
फोटोग्राफी की दुकान चलाता था शिवराज
बताया गया है कि शिवराज अशोकनगर में अंबेडकर भवन के पास फोटोग्राफी की दुकान चलाता था। रक्षाबंधन के मौके पर वह अपने परिवार के साथ गांव गया था। स्कूल खुलने के कारण परिवार सोमवार को वापस अशोकनगर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दोनों बाइकों की भिड़ंत किस वजह से हुई, इसकी जांच की जा रही है।




















