Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ज्यादा  समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचे, ताकि फ्लाइट न छूटे, इंडिगो-आकासा ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

ज्यादा  समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचे, ताकि फ्लाइट न छूटे, इंडिगो-आकासा ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

मुंबई। लगातार वर्षा से महानगर के हालात बदतर हो गए हैं। सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की वजह से हवाई अड्डे तक पहुंचने में यात्रियों को कठिनाई हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस कंपनियोें इंडिगो और आकासा एयर ने रविवार को यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इन कंपनियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे सामान्य से ज्यादा समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचे, ताकि फ्लाइट छूटने की संभावना न रहे। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है, जिससे एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सड़कों पर पानी भर गया है और ट्रैफिक धीमा हो गया है। विमानन कंपनियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय से पहले घर से निकलें और अपनी फ्लाइट की स्थिति कंपनी की ऐप या वेबसाइट पर जांचते रहें। साथ ही यात्रियों को गीली और फिसलन भरी सड़कों पर सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।

कहा समय से पहले पहुंचें एयरपोर्ट

इसी तरह, आकासा एयर ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया कि मुंबई और गोवा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण ट्रैफिक की रफ्तार धीमी है और एयरपोर्ट तक पहुंचने में दिक्कत हो सकती है। कंपनी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट के लिए रवाना हों ताकि यात्रा अनुभव सुगम बना रहे। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और आसपास के जिलों में आॅरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि शहर और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है और कुछ समय के लिए 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।  

बारिश ने अस्त-व्यस्त किया जन-जीवन

कल शनिवार को तड़के हुई तेज बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है और रेल सेवाएं बाधित हुई। कुछ जगहों पर 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शनिवार को विक्रोली के पार्कसाइट इलाके में भूस्खलन की घटना भी हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे। वहीं, सेंट्रल रेलवे मार्ग पर स्थानीय ट्रेनें देरी से चल रही थीं, हालांकि अधिकारियों ने इसकी खास वजह नहीं बताई। बेस्ट बस सेवाओं के रूट में कोई बदलाव नहीं किया गया। रविवार सुबह बारिश की तीव्रता कुछ कम जरूर हुई और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कभी-कभी भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। जिस तरह का मौसम में उसमें अगले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 

Aniruddh Singh
By Aniruddh Singh

अनिरुद्ध प्रताप सिंह। नवंबर 2024 से पीपुल्स समाचार में मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत। दैनिक जाग...

Latest Posts