आर्मी चीफ बोले- जल्द हो सकता है अगला युद्ध, तैयारी जरूरी; ऑपरेशन सिंदूर पर मिला था फ्रीहैंड

आर्मी चीफ बोले- जल्द हो सकता है अगला युद्ध, तैयारी जरूरी; ऑपरेशन सिंदूर पर मिला था फ्रीहैंड

चेन्नई। भारत के थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान से जल्द ही एक और युद्ध होने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि सेना को उसी के अनुरूप तैयारी करनी होगी और इस बार यह लड़ाई मिलकर लड़ी जाएगी। जनरल द्विवेदी ने यह बयान 4 अगस्त को आईआईटी मद्रास में अग्निशोध यानी इंडियन आर्मी रिसर्च सेल (IARC) के उद्घाटन समारोह के दौरान दिया, जिसका वीडियो आज सामने आया।

ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार ने दिया फ्रीहैंड

जनरल द्विवेदी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि सरकार ने इस अभियान में सेना को पूरी छूट दी थी। उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन पारंपरिक युद्ध की तरह नहीं था, बल्कि इसे ग्रे जोन में अंजाम दिया गया, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे की अगली चाल से अनजान थे। उन्होंने इसे शतरंज की तरह बताया, जहां हर चाल रणनीतिक महत्व रखती है।

आतंकियों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई

थल सेनाध्यक्ष ने खुलासा किया कि 25 अप्रैल को उन्होंने उत्तरी कमान का दौरा किया, जहां ऑपरेशन सिंदूर की योजना बनाई गई। इस दौरान 9 में से 7 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया और कई आतंकियों को ढेर किया गया। 29 अप्रैल को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और इस ऑपरेशन के महत्व पर चर्चा की।

ये भी पढ़ें: भारत की अर्थव्यवस्था पर ट्रंप के बयान का पीएम मोदी का पलटवार, बोले- हम विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर

पूरे देश को जोड़ा ऑपरेशन सिंदूर ने

जनरल द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर नाम ने पूरे देश को एकजुट किया। उन्होंने बताया कि लोग पूछ रहे थे कि यह अभियान क्यों रोका गया, और इसका भरपूर जवाब दिया गया है। उनका कहना था कि इस ऑपरेशन ने देशवासियों में नई ऊर्जा और विश्वास पैदा किया है।

जनरल द्विवेदी के इस बयान से साफ है कि भारतीय सेना हर स्थिति के लिए तैयार है और भविष्य में आने वाली चुनौतियों का सामना करने को प्रतिबद्ध है।

Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...

Latest Posts