आंध्र प्रदेश में बड़ा रेल हादसा :टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो AC कोच में लगी आग, 70 वर्षीय यात्री की मौत

आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले के येलमंचिली रेलवे स्टेशन पर टाटानगर से एर्नाकुलम जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के दो AC कोच में भीषण आग लग गई। हादसे में 70 वर्षीय यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 150 यात्री बाल-बाल बच गए। आग पहले B1 कोच में लगी और फिर M2 कोच तक फैल गई। रेलवे और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो AC कोच में लगी आग, 70 वर्षीय यात्री की मौत
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में रविवार देर रात बड़ा रेल हादसा हो गया। विशाखापट्टनम से करीब 66 किलोमीटर दूर येलमंचिली रेलवे स्टेशन पर टाटानगर से एर्नाकुलम जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के दो AC कोच में अचानक आग लग गई। इस हादसे में एक 70 वर्षीय यात्री की मौत हो गई, जबकि समय रहते दर्जनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

    येलमंचिली स्टेशन पर आधी रात को लगी आग

    पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 12:45 बजे टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना मिली। उस वक्त ट्रेन आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले के येलमंचिली रेलवे स्टेशन पर पहुंच चुकी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रेन के दो कोच उसकी चपेट में आ गए।

    B1 से शुरू हुई आग, M2 कोच तक फैली

    रिपोर्ट्स के अनुसार, सबसे पहले B1 AC कोच में आग लगी, जो कुछ ही देर में M2 कोच तक फैल गई। B1 कोच में 82 यात्री, जबकि M2 कोच में 76 यात्री सवार थे। आग की लपटें और धुआं देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने इमरजेंसी चेन खींची और जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकल आए।

    B1 कोच से मिला शव, मृतक की पहचान

    आग बुझाने और यात्रियों को बाहर निकालने के दौरान पुलिस को B1 कोच से एक शव मिला। मृतक की पहचान 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    दोनों कोच पूरी तरह जलकर खाक

    आग इतनी भीषण थी कि, B1 और M2 दोनों AC कोच पूरी तरह जल गए। यात्रियों का सामान, बैग और अन्य निजी वस्तुएं भी आग में नष्ट हो गईं। सुरक्षा के मद्देनज़र रेलवे ने जले हुए कोच ट्रेन से अलग कर दिए।

    ट्रेन को एर्नाकुलम के लिए किया गया रवाना

    रेलवे प्रशासन ने राहत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन के शेष कोच को एर्नाकुलम के लिए रवाना कर दिया। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था की जा रही है।

    फोरेंसिक जांच शुरू

    घटना की गंभीरता को देखते हुए दो फोरेंसिक टीमों को जांच में लगाया गया है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि, आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी तकनीकी खराबी के कारण। इसके अलावा किसी अन्य मानवीय लापरवाही से आग लगने की आशंका की भी जांच की जाएगी।

    AC कोच में आग लगने के संभावित कारण

    रेलवे विशेषज्ञों के अनुसार, AC कोच पूरी तरह बिजली पर निर्भर होते हैं। आग लगने की मुख्य वजहें हो सकती हैं-

    • वायर कटना, ढीला कनेक्शन या पुरानी वायरिंग।
    • AC पैनल या इलेक्ट्रिक सिस्टम का अधिक गर्म होना।
    • कंप्रेसर या मोटर में तकनीकी खराबी।
    • मोबाइल चार्जर या एक्सटेंशन बोर्ड में ओवरलोडिंग।
    • यात्रियों द्वारा सिगरेट, माचिस, लाइटर या ज्वलनशील वस्तुओं का उपयोग।

    ट्रेन में सफर के दौरान यह जरूरी जानकारी जानें

    ट्रेन के चार्जिंग सॉकेट 15-20 वॉट के होते हैं। ये सिर्फ मोबाइल और लैपटॉप जैसे छोटे उपकरणों के लिए बने होते हैं। इनमें 110V AC करंट होता है। ओवरलोडिंग से शॉर्ट-सर्किट और आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। इससे लाइट, पंखे और AC सिस्टम भी खराब हो सकते हैं।

    पिछले कुछ महीनों में ट्रेन में आग की बड़ी घटनाएं

    अक्टूबर 2025: गरीब रथ एक्सप्रेस

    पंजाब के सरहिंद स्टेशन के पास अमृतसर-सहरसा गरीब रथ ट्रेन की AC बोगी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। यात्री समय रहते ट्रेन से उतर गए थे।

    नवंबर 2025: रीवा-भोपाल सुपरफास्ट

    इटारसी स्टेशन पर रीवा-भोपाल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन में धुआं उठने से हड़कंप मच गया था। आग के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।

    यह भी पढ़ें: अमृतसर से बिहार जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में लगी आग, AC कोच में हुआ सर्किट, कई यात्री घायल

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts