PlayBreaking News

‘तुम्हारी सात पुश्तें कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी…’रणवीर-रोहित को बिश्नोई गैंग से फिर मिली धमकी, कहा- पूरे स्टाफ को खत्म कर देंगे

रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक बार फिर धमकी दी गई है। वायरल वॉयस नोट में 1 करोड़ की रंगदारी और स्टाफ को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई। मुंबई क्राइम ब्रांच ऑडियो की जांच कर रही है, VPN और विदेशी लोकेशन एंगल भी सामने आया है।
Follow on Google News
रणवीर-रोहित को बिश्नोई गैंग से फिर मिली धमकी, कहा- पूरे स्टाफ को खत्म कर देंगे
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड की चकाचौंध के पीछे एक बार फिर डर की परछाई दिखने लगी है। फिल्मी दुनिया के दो बड़े नाम रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी एक बार फिर धमकियों के घेरे में हैं। इस बार मामला सिर्फ धमकी तक सीमित नहीं है, बल्कि वॉयस नोट, रंगदारी, स्टाफ को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी और विदेशी VPN जैसे गंभीर पहलुओं तक पहुंच चुका है। मुंबई पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि, यह वाकई कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का काम है या फिर किसी ने उसके नाम का इस्तेमाल कर डर फैलाने की कोशिश की है।

    क्या है पूरा मामला?

    जानकारी के मुताबिक, रणवीर सिंह के मैनेजर के मोबाइल पर एक धमकी भरा वॉयस नोट आया। जिसमें 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई। इस वॉयस मैसेज में न सिर्फ रणवीर और रोहित शेट्टी का नाम लिया गया, बल्कि उनके स्टाफ, मैनेजरों और परिवार तक को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई। यह धमकी ऐसे समय पर सामने आई, जब कुछ दिन पहले ही रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना ने मुंबई पुलिस को अलर्ट कर दिया था।

    वायरल वॉयस नोट में क्या कहा गया?

    कथित ऑडियो में धमकी देने वाला खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताता है। वॉयस नोट में वह शिकायत दर्ज कराने पर नाराजगी जताते हुए पूछता है कि पुलिस में जाने की जरूरत क्यों पड़ी। साथ ही वह रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी के मैनेजरों की रोजमर्रा की गतिविधियों, उनके रहने की जगह और आने-जाने के समय की जानकारी होने का दावा करता है। ऑडियो में परिवार से जुड़ी पूरी जानकारी होने की बात भी कही गई है।

    कथित ऑडियो में कहा-

    ‘रणवीर सिंह, तुम्हें पहले ही कहा गया था कि शिकायत नहीं करनी है। अब रोहित और रणवीर को समझ में आ जाएगा कि हम कौन हैं। तुम्हारी सात पुश्तें भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी। तुम दोनों के जितने भी मैनेजर हैं, वे कहां रहते हैं, कब आते-जाते हैं और उनके परिवार कहां हैं हमें सब पता है। अगर तुम दोनों ने हमारी बात नहीं मानी, तो तुम्हारे पूरे स्टाफ को जान से खत्म कर दिया जाएगा।’

    मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच

    इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, वायरल ऑडियो की सत्यता को लेकर तकनीकी जांच जारी है और वॉयस सैंपल का मिलान किया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि, धमकी भरा मैसेज भेजने के लिए VPN का इस्तेमाल किया गया था, जिससे डिजिटल ट्रेल विदेश की लोकेशन की ओर इशारा कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि, VPN सर्वर किस देश का था और जरूरत पड़ने पर इंटरपोल की मदद भी ली जा सकती है।

    रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ाई गई

    धमकी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने एहतियातन रणवीर सिंह के बांद्रा स्थित घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। रणवीर के मैनेजर का बयान भी क्राइम ब्रांच दर्ज कर चुकी है।

    रोहित शेट्टी के घर फायरिंग से जुड़ा कनेक्शन?

    31 जनवरी की देर रात मुंबई के जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग की घटना सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान चलाई गई एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से जा टकराई थी। मामले की जांच के दौरान पुणे से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। वहीं सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया गया, हालांकि मुंबई पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

    क्या वाकई कमजोर हो चुका है बिश्नोई गैंग?

    पुलिस सूत्रों का कहना है कि लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद गैंग की पकड़ पहले जैसी मजबूत नहीं रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि, यह धमकी किसी नकलची गिरोह की हरकत हो सकती है या फिर बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर सिर्फ डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही हो। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

    इंडस्ट्री में बढ़ता डर

    यह पहला मौका नहीं है जब बॉलीवुड से जुड़े लोगों को इस तरह की धमकियां मिली हों। इससे पहले भी कई कलाकार, निर्माता और उनके परिवार अपराधियों के निशाने पर रह चुके हैं। रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह इंडस्ट्री में बेहद करीबी माने जाते हैं और दोनों ने साथ में कई बड़ी फिल्मों पर काम किया है, ऐसे में एक साथ दोनों को निशाना बनाया जाना इस मामले को और भी ज्यादा संवेदनशील बना देता है।

    पुलिस का अगला फोकस

    जांच एजेंसियां अब इस मामले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब तलाश रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भेजने में इस्तेमाल किया गया VPN सर्वर किस देश का था, वॉयस नोट किस डिवाइस से रिकॉर्ड किया गया और धमकी देने वाला शख्स भारत में मौजूद है या विदेश में। इसके साथ ही रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग और रणवीर सिंह को मिली धमकी के बीच किसी तरह का आपसी कनेक्शन है या नहीं, इसकी भी गहराई से जांच की जा रही है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts