भोपाल। मध्य प्रदेश में LPG सिलेंडर को लेकर चल रहा संकट अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है। रविवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन समेत कई शहरों में सिलेंडर के लिए पहले जैसी अफरा-तफरी नहीं देखी गई। हालांकि कुछ जगहों पर स्टॉक खत्म होने के कारण भोपाल की कुछ गैस एजेंसियां बंद रहीं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भोपाल में कुछ गैस एजेंसियों पर सिलेंडर खत्म होने की वजह से वितरण बंद कर दिया गया था। इससे नाराज उपभोक्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए हंगामा भी किया। लोगों का कहना था कि कई दिनों से गैस सिलेंडर की कमी के कारण घरेलू और व्यावसायिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। जिससे लोगों ने जल्दबाजी में एक साथ कई बार एक ही नंबर से अपने सिलेंडर की बुकिंग भी कर दी थी। जिसका सीधा असर वेबसाइट पर पड़ा और वह क्रैश हो गई।
LPG क्राइसिस पर जानकारी देते हुए भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने कहा कि रविवार को राजधानी में टोटल 14 हजार घरेलू गैस सिलेंडर बुक की गई थी, जिनमें से 11 हजार सिलेंडर की सप्लाई की गई है। हालांकि जिस एजेंसियों में सिलेंडर उपलब्ध थे वहां वितरण में कोई भी परेशानी नहीं दिखी साथ ही लोगों के घरों तक भी इसकी डिलीवरी की गई।
फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने कहा कि शहर में पिछले 6 दिन से सिलेंडरों की किल्लत चल रही है। जिस वजह से इसकी सप्लाई नहीं हो पा रही है। लेकिन जिले में रविवार से स्थिति में सुधार है, भौंरी स्थित डिपो से ट्रकों से सिलेंडर लोड होने लगी है। दूसरी ओर रविवार को खबरें आई थी कि कई एजेंसियां बंद है इसकी जानकारी मिलते ही टीम तुरंत वहीं पहुंची थी। जानकारी मिली कि यहां स्टॉक खत्म होने की वजह से यह बंद पड़ी है।
सिलेंडर क्राइसिस के कारण राजधानी भोपाल के अलग- अलग चौराहों में स्थित कई रेहड़ियां भी सिलेंडर की कमी के बंद हुई है। इनमें शाहरपुरा, 6 नंबर और न्यू मार्केट जैसे अहम चौराहे शामिल है। हालांकि रविवार से सिलेंडरों की सप्लाई दोबारा शुरू हुई है। जिसके बाद से उम्मीदें हैं कि रेहड़ी वापस शुरू की जाएंगी।
जहां एक ओर कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई शुरू होने से कुछ राहत की खबर सामने आई है, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी अभी भी कम नहीं हुई है। Madhya Pradesh के कई शहरों में घरेलू गैस के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। आम लोगों को सिलेंडर पाने के लिए घंटों धूप में खड़ा रहना पड़ रहा है। रविवार को प्रदेश के अलग-अलग शहरों से गैस की किल्लत और आंशिक राहत की मिली-जुली तस्वीरें सामने आईं।
जहांगीराबाद इलाके की रहने वाली शीबा खान पिछले एक हफ्ते से सिलेंडर के लिए परेशान हैं। उनके मोबाइल पर 13 मार्च को गैस सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज तो आ गया, लेकिन सिलेंडर अब तक उनके घर नहीं पहुंचा। मजबूरी में उन्हें अपने रिश्तेदारों के यहां जाकर खाना बनाना पड़ रहा है। यह मुसीबत सिर्फ शीबा तक सीमित नहीं है बल्कि कई घरों में लोग ऐसी ही परेशानियों से जूझ रहे हैं।
बात करें शहर के पुराने इलाकी की तो इनमें जहांगीराबाद और बोगदा पुल जैसे इलाकों में स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। यहां कई उपभोक्ता पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए भटक रहे हैं। लोगों का कहना है कि बुकिंग के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है, जिससे घरों का कामकाज प्रभावित हो रहा है।