एयर इंडिया के CEO विल्सन ने दिया इस्तीफा,लेकिन उनका पद अभी भी सुरक्षित- जानिए क्यों और कौन हो सकता है नया प्रमुख

नई दिल्ली। एअर इंडिया में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिल रहा है। कंपनी के CEO कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि वे अभी भी अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। ऐसे फैसले ने कॉर्पोरेट जगत और एविएशन इंडस्ट्री में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इस्तीफा देने के बाद भी कोई CEO पद पर क्यों बना रहता है? इसके पीछे की रणनीति और परिस्थितियां अब धीरे-धीरे सामने आ रही हैं।
इस्तीफा दिया, लेकिन तुरंत नहीं छोड़ी कुर्सी
एअर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन ने औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंप दिया है, जिसे कंपनी के बोर्ड ने मंजूरी भी दे दी है। हालांकि, वे तब तक अपने पद पर बने रहेंगे जब तक कंपनी को नया CEO नहीं मिल जाता। कॉर्पोरेट दुनिया में इसे “ट्रांजिशन पीरियड” कहा जाता है, ताकि नेतृत्व में अचानक बदलाव से कंपनी के कामकाज पर असर न पड़े।
ये भी पढ़ें: बंगाल SIR पर सुप्रीम कोर्ट सख्त : वोटर लिस्ट अपडेट के लिए 1 दिन की डेडलाइन, ट्रिब्यूनल को भी दिए निर्देश
आखिर क्यों लिया इस्तीफा?
सूत्रों के मुताबिक, विल्सन ने अपने मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के बाद आगे काम न करने की इच्छा पहले ही जाहिर कर दी थी। उनका कार्यकाल अगले साल सितंबर तक था, लेकिन उन्होंने समय से पहले ही पद छोड़ने का फैसला किया।
कई चुनौतियों के बीच लिया गया फैसला
एयरलाइन इस समय कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। पश्चिम एशिया के संकट की वजह से हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लग गए हैं, साथ ही विमानों की आपूर्ति में रुकावटें और लागत में वृद्धि भी हो रही है। इन प्रतिबंधों के कारण एयर इंडिया को लंबी उड़ान मार्ग अपनाने पड़ रहे हैं, जिससे खासकर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की ईंधन लागत और संचालन खर्च बढ़ गया है। इसके अलावा, 12 जून 2025 को अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171, एक बोइंग ड्रीमलाइनर, दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में विमान में सवार और जमीन पर मौजूद कुल 241 लोगों की जानें चली गईं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में एयर इंडिया को लगभग 20,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है।
उत्तराधिकारी की तलाश तेज
कंपनी ने नए CEO की तलाश पहले ही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कई बड़े नामों से बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि संभावित उम्मीदवार सभी बड़े फुल-सर्विस एयरलाइन के मौजूदा CEO स्तर के हैं। इसको लेकर अगले सप्ताह एक अहम बैठक भी हो सकती है, जिसमें नए प्रमुख पर फैसला लिया जा सकता है।
अन्य एयरलाइनों में भी नेतृत्व बदलाव
एयर इंडिया एक्सप्रेस के सीईओ अलोक सिंह का कार्यकाल 19 मार्च को समाप्त हो गया। उन्होंने अपने कर्मचारियों को 2 मार्च को ईमेल के माध्यम से इस बारे में जानकारी दी थी। एयर इंडिया ही नहीं, बल्कि अन्य भारतीय एयरलाइनों में भी हाल ही में नेतृत्व में बदलाव देखने को मिला है। उदाहरण के लिए, देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो में पिछले साल दिसंबर में परिचालन व्यवधानों के बाद CEO पीटर एल्बर्स ने 10 मार्च को अचानक पद छोड़ दिया था। इसके बाद 30 मार्च को विलियम वॉल्श को नए CEO के रूप में नियुक्त किया गया।
ये भी पढ़ें: क्या आज थमेगी जंग? अमेरिका-ईरान सीजफायर पर टिकी दुनिया की नजर
ट्रांजिशन पीरियड क्यों जरूरी होता है?
किसी भी बड़ी कंपनी में CEO का अचानक जाना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में पुराना CEO तब तक पद पर बना रहता है जब तक नया व्यक्ति जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार न हो जाए।
इससे :
- कंपनी की रणनीति में निरंतरता बनी रहती है
- बड़े फैसलों में रुकावट नहीं आती
- निवेशकों और कर्मचारियों का भरोसा बना रहता है
2022 में संभाली थी कमान
कैंपबेल विल्सन ने सितंबर 2022 में एअर इंडिया की कमान संभाली थी। उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने कई बदलाव और सुधार की दिशा में कदम उठाए, लेकिन चुनौतियां भी कम नहीं रहीं।




















