VIDEO :रामलीला के मंच पर दशरथ का किरदार निभा रहे कलाकार को आया हार्ट अटैक, अभिनय करते-करते थम गईं सांसें

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रामलीला का मंचन करते हुए एक कलाकार की मौत हो गई। मंगलवार देर शाम हुई इस घटना ने पूरे शहर को चकित कर दिया है। 73 साल के अमरेश महाजन जिन्हें लोग शिबू के नाम से भी जानते थे। मंच पर राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे थे, तभी दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अभिनय करते हुए ली अंतिम सांस
यह घटना मंगलवार की शाम लगभग करीब 8:30 बजे की है। जब रामलीला के दूसरे दिन दशरथ दरबार का दृश्य चल रहा था। अपनी कड़क आवाज और सशक्त अभिनय के लिए प्रसिद्ध अमरेश महाजन संवाद बोल रहे थे और दर्शक उन्हें सुन रहे थे। अचानक वे अपने बगल में बैठे एक कलाकार के कंधे पर सिर रखकर बेसुध हो गए। शुरुआत में उनके साथियों को लगा कि यह अभिनय का ही हिस्सा है लेकिन जब उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और संवाद बंद हो गए तो मंच पर अफरातफरी मच गई।
अस्पताल में हुई कलाकार की मौत
जिसके बाद साथी कलाकारों ने उन्हें तुरंत उठाया और चंबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया और बताया कि उनकी मौत का कारण हृदय गति रुकना था।
40 साल से कर रहे थे अभिनय
अमरेश महाजन पिछले 40 से 50 सालों से चंबा की ऐतिहासिक रामलीला का हिस्सा थे। वे मुख्य रूप से राजा दशरथ और रावण की भूमिका निभाते थे। उनके अभिनय को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में लोग चौगान मैदान में जुटते थे। इस साल उन्होंने पहले ही अपने साथियों को बताया था कि यह उनकी आखिरी रामलीला होगी। उनकी दमदार प्रस्तुति और कला के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।

निधन पर लोगों के बीच दुख का माहौल
अमरेश महाजन जी के निधन पर श्री रामलीला क्लब के अध्यक्ष स्वपन महाजन और व्यापार मंडल चंबा के अध्यक्ष वीरेंद्र महाजन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। रामलीला क्लब के सदस्यों ने इसे अपने लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। उनका कहना है कि चंबा में 1949 से लगातार हो रही रामलीला के इतिहास में यह एक बेहद दुखद घटना है।





















