Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मौसी से मिलने चुपचाप घर से निकला 8 साल का बालक, बस स्टैंड पर किया रेस्क्यू

रेस्क्यू के बाद परिजनों को बुलाकर बालक को सौंपा, बाद में मौसी से मिलाने ले गए 
मौसी से मिलने चुपचाप घर से निकला 8 साल का बालक, बस स्टैंड पर किया रेस्क्यू
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।
    पीपुल्स संवाददाता भोपाल।  कई बार मौसी मां से भी ज्यादा प्यारी होती है। मौसी-भांजे के प्यार की ऐसी ही एक कहानी भोपाल में सामने आई। यहां मौसी से मिलने की जिद में 8 साल का बच्चा घर छोड़कर निकल गया। वह मौसी के ससुराल रायसेन जाना चाहता था। इसके लिए बस स्टैंड तक पहुंचा, लेकिन यहां एक पुलिसकर्मी की निगाह पड़ी और बच्चे को रेस्क्यू कर उसके परिवार को जानकारी दी गई। इसके बाद बच्चे ने बताया कि वह मौसी के पास जाना चाहता था।
    बच्चे ने काउंसलिंग में बताया कि उसने मौसी को घर बुलाने के लिए फोन लगाया था। लेकिन मौसी ने कहा कि अभी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह नहीं आएंगी। इसके बाद उसने दो दिन तक मां से जिद कर कहा कि उसे मौसी से मिलने जाना है, लेकिन मां ने टाल दिया। तबीयत की बात पर कहा कि वह ठीक हो जाएंगी तो खुद आ जाएगी। बच्चे ने कहा कि मौसी उनके साथ रहती थी तो उसे अच्छा लगता था, लेकिन अब तो वह बहुत दिन से मिलने नहीं आई है।

    इसी साल हुई है शादी

    मामले में बच्चे की मां ने बताया कि उनकी छोटी बहन उनके साथ ही भोपाल में रहकर पढ़ाई और उसके बाद जॉब कर रही थी। बच्चे की अपनी मौसी से अच्छी बॉन्डिंग थी। छोटी बहन की इसी साल जनवरी में शादी हुई है। इसके बाद से बच्चा हर माह उसे फोन करके बुलाता है। अभी डॉक्टर ने प्रेग्नेंसी के चलते उसे ट्रेवल से मना किया है। बच्चे को यह बात बताना नहीं चाहते थे तो बस कह दिया कि तबीयत खराब है। मां ने कहा कि वह लोग खुद भी रायसेन बहन से मिलने जाने का प्लान कर रहे थे, लेकिन अभी त्योहार लगातार हैं तो उन्होंने दीपावली के बाद प्लान किया था। उन्हें अंदेशा भी नहीं था कि बच्चा अकेला निकल जाएगा। बता दें, बच्चे को माता-पिता को सौंपा गया है और उसके बाद वह बेटे को लेकर सीधे उसकी मौसी के पास पहुंचे।
    Anuraj Kumar
    By Anuraj Kumar

    अनुराज कुमार, पीपुल्स समाचार भोपाल में सीनियर सब एडीटर हैं। अभी मध्यप्रदेश के भोपाल में अपनी सेवाएं ...

    Latest Posts