Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायपुर में दर्दनाक हादसा :खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे में गिरे 2 बच्चे, डूबने से मौत, परिजन-ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सरकारी स्कूल के पास खेल रहे दो मासूम बच्चे सड़क किनारे बने पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। गहराई अधिक होने की वजह से दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल पाए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे में गिरे 2 बच्चे, डूबने से मौत, परिजन-ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। सरकारी स्कूल के पास खेल रहे दो मासूम बच्चे सड़क किनारे बने पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। गहराई अधिक होने की वजह से दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल पाए और डूबने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार को गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

    प्राइवेट बिल्डर की लापरवाही बनी मौत की वजह

    यह हादसा कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर इलाके में हुआ है। जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट बिल्डर ने कुछ महीने पहले निर्माण कार्य के लिए गड्ढा खुदवाया था, लेकिन काम रुक जाने के बाद गड्ढे को भरा नहीं गया। बारिश के चलते उसमें पानी भर गया और वह एक खतरनाक जलकुंड बन गया।

    रविवार शाम दो बच्चे वहीं पास में खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे अनजाने में उसी पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें देखा, तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। ग्रामीणों ने उन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

    लोगों ने किया चक्काजाम

    दोनों बच्चों की मौत से गांव में मातम पसर गया और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन और बिल्डर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने हीरापुर-जरवाय रोड पर चक्काजाम कर दिया। गुस्साए लोगों का कहना था कि गड्ढा लंबे समय से खुला पड़ा था और कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।

    चक्काजाम के कारण रिंग रोड नंबर-3 पर करीब तीन किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मौके पर पहुंची आमानाका और कबीर नगर पुलिस लोगों को समझाइश देने में जुटी है।

    प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

    घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। फिलहाल दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद हीरापुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। मृत बच्चों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts