PlayBreaking News

गुजरात विधानसभा में हंगामे और नारेबाजी करने पर कांग्रेस के 10 विधायकों पर एक्शन, पूरे दिन के लिए हुए सस्पेंड

Follow on Google News
गुजरात विधानसभा में हंगामे और नारेबाजी करने पर कांग्रेस के 10 विधायकों पर एक्शन, पूरे दिन के लिए हुए सस्पेंड
गांधीनगर। गुजरात विधानसभा में सदन में नारेबाजी करने पर कांग्रेस के 10 विधायकों को पूरे दिन के लिए निलंबित किया गया है। पिछले साल गुजरात के छोटा उदयपुर जिले में सामने आए एक ‘फर्जी' सरकारी कार्यालय के खुलासे और सिंचाई परियोजनाओं के लिए धन की हेराफेरी के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामे और नारेबाजी के बाद मंगलवार को विपक्षी कांग्रेस के दस विधायकों को सदन से एक दिन के लिए निलंबित कर दिया गया।

फर्जी सरकारी कार्यालय खोला

विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की कुल संख्या 15 है, लेकिन हंगामे के वक्त उसके पांच विधायक सदन में नहीं थे। चालू बजट सत्र के प्रश्नकाल के दौरान, कांग्रेस विधायक तुषार चौधरी ने जानना चाहा कि सरकार ने उन लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की है, जिन्होंने छोटा उदयपुर जिले में एक ‘फर्जी' सरकारी कार्यालय खोला था और आदिवासी क्षेत्र में विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए सरकारी धन की हेराफेरी की थी।

पुलिस ने आरोपियों को किया था गिरफ्तार

वहीं एक लिखित उत्तर में जनजातीय विकास मंत्री कुबेर डिंडोर ने कहा कि छोटा उदयपुर जिले में पिछले एक साल के दौरान ऐसा कोई कार्यालय नहीं पाया गया और इसलिए कार्रवाई के बारे में कोई सवाल ही नहीं उठता। जवाब से नाराज चौधरी ने दावा किया कि पिछले साल आदिवासी बहुल छोटा उदयपुर जिले में ऐसे पांच फर्जी कार्यालय पाए गए थे और आरोपी पकड़े भी गए थे। वह पिछले साल अक्टूबर में छोटा उदयपुर जिले में सिंचाई परियोजनाओं के लिए एक कार्यकारी अभियंता का फर्जी कार्यालय स्थापित करके सरकारी अनुदान में 4.16 करोड़ रुपए हासिल करने के आरोप में दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी का जिक्र कर रहे थे। बाद में, पिछले साल फरवरी में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी बीडी निनामा को दाहोद जिला पुलिस ने ‘घोटाले' को अंजाम देने और ‘आदिवासी क्षेत्र उप योजना' के तहत 18.59 करोड़ रुपए के सरकारी अनुदान हासिल करने में अन्य आरोपियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर तथ्य छुपाने का लगाया आरोप

जब कांग्रेस विधायक अमृतजी ठाकोर ने जानना चाहा कि आरोपियों को कितनी धनराशि दी गई, तो डिंडोर ने कहा कि उनके विभाग ने उन लोगों को 21 करोड़ रुपए बांटे हैं, क्योंकि उन्होंने खुद को वास्तविक सरकारी अधिकारी बताया था। मंत्री ने कहा, ‘‘इस घोटाले का भंडाफोड़ खुद राज्य सरकार ने किया था और फिर यह मीडिया में आया। हमने स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई की। हमने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया है।'' उनका मौखिक उत्तर क्योंकि लिखित उत्तर में उल्लिखित जानकारी से भिन्न था, इसलिए कांग्रेस विधायकों ने भाजपा सरकार पर तथ्य छुपाने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए।

बार-बार अनुरोध पर भी नहीं माने कांग्रेस विधायक

जब विधानसभा अध्यक्ष के बार-बार अनुरोध के बावजूद कांग्रेस विधायक शांत नहीं हुए तो राज्य के विधायी और संसदीय मामलों के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने व्यवधान पैदा करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की और पूरे दिन के लिए उन सभी को निलंबित करने का प्रस्ताव पेश किया। कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावडा के नेतृत्व में विपक्षी विधायक अपनी मांग पर अड़े रहे। निलंबन का प्रस्ताव पेश होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने उन्हें एक दिन के लिए निलंबित कर दिया। ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र आज, मराठा आरक्षण पर मुहर संभव, शिंदे सरकार कर सकती है बड़ा ऐलान
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts