अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में बुधवार सुबह व्हाइट हाउस के पास एक वैन सुरक्षा बैरिकेड से टकरा गई। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक यह वैन व्हाइट हाउस के ठीक उत्तर में स्थित लाफायेट स्क्वायर के एक गेट से टकराई। यह इलाका आम तौर पर पर्यटकों और सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले लोगों से भरा रहता है। घटना के बाद आसपास के इलाके को घेर लिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने अभी तक ड्राइवर की पहचान या उसके मकसद के बारे में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
ये भी पढ़ें: भारत आ रहे थाईलैंड के शिप पर हमला : अब तक 20 लोगों का रेस्क्यू, रॉकेट से बनाया निशाना
घटना ऐसे समय में हुई है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ा हुआ है और अमेरिका की राजधानी में पहले से ही सुरक्षा कड़ी है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह केवल एक हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह हो सकती है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।