Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्रयागराज में सामूहिक हत्याकांड से सनसनी: पत्नी और 3 बेटियों की गला काटकर हत्या, फंदे पर लटका मिला पति

प्रयागराज में सामूहिक हत्याकांड से सनसनी: पत्नी और 3 बेटियों की गला काटकर हत्या, फंदे पर लटका मिला पति
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या से हड़कंप मच गया है। महिला और तीन बच्चों का बेरहमी से धारदार हथियार से गला काटा गया है, जबकि पति का शव फंदे पर लटका मिला है। पति के शरीर पर हथियार के जख्म तो नहीं हैं, लेकिन हाथ और बनियान पर खून की छीटें मिली हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

किराये के मकान में रहता था परिवार

वारदात नवाबगंज थाना क्षेत्र के खागलपुर गांव की है। पुलिस ने बताया कि 42 वर्षीय मृतक राहुल तिवारी अपनी 38 वर्षीय पत्नी प्रीती और तीन बेटियों माही, पीहू और पोहू के साथ खागलपुर में किराए के मकान में रह रहा था। मूल रूप से यह परिवार कौशांबी का रहने वाला था। पुलिस को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी और 3 बेटियों की हत्या की। इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक का परिवार जिस कमरे में रह रहा था, उसका चैनल खुला हुआ था।

राहुल की बहनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक राहुल की बहन का आरोप है कि राहुल का ससुराल वालों से विवाद चल रहा था, ससुराल वालों ने ही हत्या को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक राहुल 8-10 सालों से ससुराल में रह रहा था। उसके 4 साले हैं। वहां उसने जमीन खरीदकर घर भी बनवाया, जिसके कुछ समय बाद ससुराल वालों से झगड़ा होने लगा। परेशान होकर राहुल खागलपुर गांव में किराये पर कमरा लेकर रहने लगा।

जांच के लिए 7 टीमें बनाई गईं

पुलिस के मुताबिक, पत्नी और तीन बच्चों के शव बेड पर पड़े मिले। उनकी गला काटकर हत्या की गई है। तो वहीं, पति का शव बाथरूम में फंदे से लटका मिला है। राहुल ने हत्या कर खुद फांसी लगा ली या किसी और ने पांचों की हत्या की है, इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़े को भी घर के पास से बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थितियां साफ हो जाएंगी। ये भी पढ़ें- पंजाब: भगवंत मान सरकार का बड़ा ऐलान, जुलाई से मिलेगी 300 यूनिट फ्री बिजली; पेश किया 30 दिन का रिपोर्ट कार्ड
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts