अमेरिका में खत्म होने वाला है शटडाउन!डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन्स के बीच बनी डील की उम्मीद, 40 दिन से ठप पड़ी हैं सरकारी सेवाएं

Follow on Google News
डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन्स के बीच बनी डील की उम्मीद, 40 दिन से ठप पड़ी हैं सरकारी सेवाएं
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका में जारी सरकार का शटडाउन अब 40 दिनों से अधिक लंबा खिंच चुका है। जिससे लाखों सरकारी कर्मचारियों और कई सेवाओं पर असर पड़ा है। हालांकि, अब संकेत मिल रहे हैं कि सीनेट की वोटिंग से इस संकट का समाधान निकल सकता है। रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक नेताओं के बीच एक अस्थायी समझौते की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

    क्या है मौजूदा स्थिति

    रिपब्लिकन नेता सिनेटर जॉन थ्यून ने बताया कि, शटडाउन समाप्त करने के लिए डेमोक्रेट्स के साथ डील बन रही है, लेकिन अभी कुछ फाइनल नहीं हुआ है। दरअसल, डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर की अगुवाई में शुक्रवार को एक प्रस्ताव दिया गया था, जिसमें ‘अफोर्डेबल केयर एक्ट’ (ओबामाकेयर) की सब्सिडी को एक साल तक बढ़ाने की मांग की गई थी।

    शुरुआत में रिपब्लिकन और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे खारिज कर दिया था, लेकिन अब संकेत हैं कि रिपब्लिकन एक फाइनेंशियल पैकेज पर काम कर रहे हैं, जो वेटरन्स और फूड एड जैसे विभागों को पूरे साल की फंडिंग देगा और शटडाउन खत्म करने में मदद करेगा।

    क्या होता है गवर्नमेंट शटडाउन

    जब अमेरिकी कांग्रेस तय समय सीमा के भीतर फाइनेंस बिल पारित नहीं कर पाती, तो सरकार के गैर-जरूरी विभागों का कामकाज ठप हो जाता है। इसे ही गवर्नमेंट शटडाउन कहा जाता है। शटडाउन खत्म करने के लिए कांग्रेस में स्पेंडिंग बिल या कंटीन्यूइंग रेजोल्यूशन (CR) पास होना जरूरी है, जिस पर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद ही सरकारी कामकाज दोबारा शुरू हो सकता है।

    हाउस और सीनेट में क्या है नंबर गेम

    हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में किसी भी बिल को पारित करने के लिए 218 वोटों (435 सदस्यों में से) की जरूरत होती है। विधेयक बहुमत से पारित होते हैं, कोई फिलिबस्टर नहीं होता। हाल के कन्टीनुइंग रेजोल्योशन,  जैसे सितंबर 2025 का CR 217-215 से पारित हुआ था।

    वहीं यूएस सीनेट में नियमों के मुताबिक, फिलिबस्टर (बहस को लंबा खींचना) खत्म करने के लिए 60 वोटों की आवश्यकता होती है। इसके बाद साधारण बहुमत यानी 51 वोट से बिल पास हो सकता है। मौजूदा 53-47 के अनुपात में रिपब्लिकन को कम से कम 7 डेमोक्रेट या निर्दलीय सांसदों का समर्थन चाहिए होगा।

    राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या कहा

    रविवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि, मुझे लगता है कि हम शटडाउन खत्म करने के बहुत करीब हैं। हमने कभी भी अवैध प्रवासियों के लिए बड़े बजट पर सहमति नहीं दी और अब डेमोक्रेट्स भी इसे समझ रहे हैं। शटडाउन जल्द ही खत्म होगा।

    कैसा है समझौते का प्रस्ताव

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कम से कम आठ सेंटरिस्ट डेमोक्रेटिक सीनेटरों ने रिपब्लिकन नेताओं और व्हाइट हाउस के साथ एक समझौता किया है। जिसके तहत सरकार को अस्थायी रूप से फिर से खोला जाएगा। इसमें जनवरी तक के लिए फंडिंग की व्यवस्था की जाएगी, जबकि अफोर्डेबल केयर सब्सिडी पर बाद में वोटिंग होगी।

    कौन हैं इस डील के प्रमुख चेहरे

    यह सौदा तीन पूर्व गवर्नरों जीन शाहीन (न्यू हैम्पशायर), एंगस किंग (मेन) और मैगी हसन (न्यू हैम्पशायर) के साथ सीनेट मेजॉरिटी लीडर जॉन थ्यून और व्हाइट हाउस के बीच रविवार रात तय हुआ। रिपब्लिकन की ओर से हालांकि हेल्थकेयर सब्सिडी पर कोई गारंटी नहीं दी गई है, लेकिन डेमोक्रेट्स को उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में इस पर सहमति बन सकती है।

    क्या होगा अगला कदम?

    सीनेट में सबसे पहले हाउस-पास्ड अस्थायी फंडिंग बिल पर वोटिंग होगी। अगर इसमें आठ डेमोक्रेट्स का समर्थन मिला, तो इस पर दोनों पार्टियों द्वारा तय फंडिंग पैकेज को जोड़ा जाएगा। इसके बाद यह बिल हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में अंतिम मंजूरी के लिए जाएगा और फिर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद अमेरिका की सरकार आधिकारिक रूप से फिर से खुल जाएगी।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts