Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में दो आत्महत्याएं :प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक कलह बनी वजह, 2 युवकों ने खत्म की जिंदगी

भोपाल में प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक झगड़ों से तंग आकर दो युवकों ने आत्महत्या कर ली। सूखी सेवनिया और गोविंदपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और मोबाइल रिकॉर्ड के आधार पर आत्महत्या के कारणों की पुष्टि की जाएगी।
प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक कलह बनी वजह, 2 युवकों ने खत्म की जिंदगी
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। राजधानी के सूखी सेवनिया इलाके में शुक्रवार सुबह एक 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवक एक नाबालिग किशोरी से प्रेम करता था, लेकिन हाल के दिनों में दोनों की बातचीत में रुकावट आने लगी थी। इसी से दुखी होकर युवक ने यह कदम उठा लिया।

    घर के बरामदे में लगाई फांसी

    सूखी सेवनिया थाने के एएसआई केसी यादव के अनुसार मृतक की पहचान कन्हैलाल बंजारा (18), निवासी अब्दुल्ला बरखेड़ी गांव के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता के साथ मजदूरी करता था। शुक्रवार की सुबह उसने अपने घर के बरामदे में फांसी लगाई। परिवार के लोगों ने जब उसे देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की।

    हालांकि, मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है और परिजनों के बयान पूरी तरह दर्ज नहीं किए जा सके हैं। इसलिए पुलिस फिलहाल सभी एंगल से जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने प्रेम-प्रसंग के चलते मानसिक तनाव की बात स्वीकार की है।

    चेतक ब्रिज के नीचे युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान

    दूसरी घटना गोविंदपुरा थाना क्षेत्र की है, जहां चेतक ब्रिज के नीचे एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन जांच में सामने आया कि युवक ने खुदकुशी से पहले अपनी पत्नी को फोन कर यह जानकारी दी थी। गोविंदपुरा थाने के प्रधान आरक्षक लखन ने बताया कि मृतक की पहचान विकास रैकवार (23), निवासी विकास नगर बस्ती के रूप में हुई है। विकास सफाईकर्मी था और उसने दो महीने पहले ही एक शादीशुदा महिला से विवाह किया था।

    गुरुवार शाम वह बिना बताए घर से निकला और देर रात पत्नी को फोन कर कहा- मैं ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर रहा हूं। जब तक परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, विकास ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है।

    पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू की

    दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और मोबाइल रिकॉर्ड के आधार पर आत्महत्या के कारणों की पुष्टि की जाएगी।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts