Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कथा सुनने लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, कुबेरेश्वर धाम में दो श्रद्धालुओं की मौत, बढ़ती भीड़ से चरमराईं व्यवस्थाएं

कथा सुनने लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, कुबेरेश्वर धाम में दो श्रद्धालुओं की मौत, बढ़ती भीड़ से चरमराईं व्यवस्थाएं
सीहोर। मध्य प्रदेश के कुबेरेश्वर धाम में चल रही शिव महापुराण कथा के दौरान 24 घंटे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बढ़ती भीड़ और गर्मी के कारण रविवार को जबलपुर निवासी गोलू कोष्टा (25) की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। इससे एक दिन पहले शनिवार को कानपुर के विजेंद्र स्वरूप की भी कथा स्थल पर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी।

भारी भीड़ बनी प्रबंधन के लिए चुनौती

कथा स्थल पर रोजाना करीब 10 लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए मुश्किल हो रहा है। रविवार को पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने के लिए हजारों की संख्या में भक्त उमड़े, जिससे आयोजन स्थल पर भारी अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। हालांकि, जिला प्रशासन ने पहले दावा किया था कि आयोजन स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कलेक्टर ने सीएमएचओ को चिकित्सा व्यवस्थाओं की निगरानी के निर्देश दिए थे। आदेश के तहत एम्बुलेंस, मेडिकल स्टाफ और मिनी आईसीयू की स्थापना की जानी थी, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को फौरन इलाज मिल सके।

पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में उमड़ा भक्तों का सैलाब

कुबेरेश्वरधाम पर जारी सात दिवसीय भव्य रुद्राक्ष महोत्सव में कथा का श्रवण करने आए लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शिव महापुराण कथा में श्रद्धालु इतनी आस्था के साथ भाग ले रहे हैं कि बुजुर्ग और छोटे बच्चे भी लंबा सफर तय करके कथा स्थल तक पहुंच रहे हैं। कथा स्थल पर रात में श्रद्धालु पंडाल में ही ठहर रहे हैं। कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा, "जिस पर भोले बाबा का आशीर्वाद होता है, उसका दुनिया के कष्टों से कोई सरोकार नहीं होता।" उन्होंने यह भी बताया कि विठलेश सेवा समिति के माध्यम से सालभर में 365 से अधिक कन्याओं का निशुल्क विवाह कराया जाएगा।

अमेरिका से भी आया परिवार

शिव महापुराण कथा सुनने के लिए न केवल भारत बल्कि अमेरिका से भी श्रद्धालु पहुंचे हैं। अमेरिका से आए एक परिवार ने बताया कि वे पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा को विशेष रूप से सुनने आते हैं।

प्रशासन ने किए सुरक्षा इंतजाम

बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। कई जगहों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है, लेकिन कथा के आरंभ और अंत में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन रही है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts