इंदौर में दर्दनाक हादसा : निगम के डंपर ने 6 साल की मासूम को रौंदा, मौके पर मौत, लोगों ने डंपर में की तोड़फोड़

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह आजाद नगर थाना क्षेत्र के मूसाखेड़ी चौराहे के पास घर के बाहर साइकिल चला रही 6 साल की बच्ची को नगर निगम के डंपर ने रौंद दिया। बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए लोगों ने डंपर में तोड़फोड़ कर दी।
घर के सामने साइकिल चला रही थी बच्ची
मृत बच्ची की पहचान निहारिका पुत्री सोनू बलोने के रूप में हुई है। निहारिका अपने घर के सामने साइकिल चला रही थी, तभी तेज रफ्तार में नगर निगम का डंपर वहां से गुजरा। बच्ची डर के मारे साइकिल समेत गिर पड़ी और डंपर का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। यह सब कुछ ही पलों में हुआ और मासूम की मौके पर ही जान चली गई।












