टोक्यो पैरालिंपिक: भारत के कृष्णा नागर ने बैडमिंटन में जीता गोल्ड, हांगकांग के काई मैन चु को 2-1 से दी शिकस्त

Follow on Google News
नई दिल्ली। टोक्यो पैरालिंपिक का आखिरी दिन भारत के लिए एक और गोल्ड लेकर आया। कृष्णा नागर ने पुरुष सिंगल्स के SH6 इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने फाइनल मुकाबले में हांगकांग के खिलाड़ी काई मैन चु को 2-1 से हराया। नागर ने तीन गेम के कड़े संघर्ष में 21-17, 16-21, 21-17 से गोल्ड मेडल अपने नाम किया। https://twitter.com/Media_SAI/status/1434370288414720005

1-1 की बराबरी पर था मुकाबला

हांगकांग के खिलाड़ी ने पहले गेम में कृष्णा को कड़ी चुनौती दी। एक समय पहले गेम में नागर 11-16 से पिछड़ गए थे। लेकिन इसके बाद नागर ने जबर्दस्त वापसी करते हुए स्कोर 15-17 कर दिया। इसके बाद कृष्णा ने लगातार छह पॉइंट जीतते हुए पहला गेम  21-17 से अपने नाम किया। वहीं दूसरे गेम में हांगकांग के चू मान काई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16-21 से खेल अपने नाम किया। अब स्कोर 1-1 की बराबरी पर था।

2-1 से जीता मुकाबला

तीसरे और आखिरी मुकाबले में नागर ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने शुरुआत में ही 5-1 की बढ़त बना ली। समय नागर 13-8 से आगे चल रहे थे और गोल्ड मेडल उनके हाथ में नजर आ रहा था। लेकिन हांगकांग के खिलाड़ी काई ने जबर्दस्त वापसी करते हुए स्कोर 13-13 से बराबर कर दिया। 17-16 के स्कोर के साथ नागर के पास इस तीसरे गेम में मामूली बढ़त थी। ऐसा लग रहा था कि ये मैच किसी भी तरफ जा सकता है। इसी दौरान नागर ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए लगातार चार पॉइंट से बढ़त बनाते हुए गेम को 20-16 पर ला दिया। तीसरे गेम के आखिरी में उन्होंने 21-17 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही 2-1 के अंतर से जीत दर्ज करते हुए उन्होंने इतिहास रच दिया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

भारत का 5वां गोल्ड

टोक्यो पैरालिंपिक में यह भारत का अब तक का 5वां गोल्ड है। साथ ही बैडमिंटन में ये इस पैरालिंपिक में देश का दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले शनिवार को दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी प्रमोद भगत ने पुरुष सिंगल्स के SL3 गोल्ड मेडल जीता था। इससे पहले आज सुबह ही नोएडा के जिलाधिकारी सुहास एल यथिराज ने पुरुष सिंगल्स के SL4 इवेंट में रजत पदक अपने नाम किया था।

टोक्यो पैरालिंपिक

कुल मेडल 19
गोल्ड मेडल 5
सिल्वर मेडल 8
ब्रॉन्ज मेडल 6
अंक तालिका में भारत का स्थान 27
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts