Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

टोक्यो पैरालिंपिक: निशानेबाजी में भारत को दो और पदक, मनीष ने सोना तो सिंहराज ने चांदी पर लगाया निशाना

टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो में खेले जा रहे पैरालिंपिक में आज सुबह ही भारत के लिए अच्छी खबर आई। भारतीय निशानेबाज मनीष नरवाल और सिंहराज ने 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा एसएच-1 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। मनीष ने जहां गोल्ड मेडल पर तो वहीं सिंहराज ने सिल्वर मेडल पर निशाना लगाया। इससे पहले भारत के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यतिराज एसएल-4 सिंगल्स स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के खिलाड़ी सेतियावान फ्रेडी को हराया। अब उनसे गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीद है।

पहले दो शॉट में 17.8 ही स्कोर किया था

इससे पहले मनीष और सिंहराज की जोड़ी ने 50 मीटर पिस्टल एसएच-1 स्पर्धा के फाइनल में क्वालीफाई किया था। भारतीय जोड़ी 533 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रही थी। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने आज फाइनल खेला और एक गोल्ड-एक सिल्वर अपने नाम किया। हरियाणा के कथूरा गांव निवासी मनीष नरवाल (19) ने इतिहास रच दिया। उन्होंने पहले दो शॉट में 17.8 ही स्कोर किया था। इसके बाद शानदार वापसी की और पांच शॉट के बाद वह टॉप तीन में जगह बना ली। पांच शॉट के बाद उनका स्कोर 45.4 था। 12 शॉट के बाद मनीष 104.3 के स्कोर के साथ 5वें नंबर पर बने हुए थे।

20वें शॉट के बाद भारत के लिए दो मेडल पक्के हुए

मनीष के अलावा सिंघराज ने भी शानदार खेल दिखाया। 14वें शॉट के बाद सिंघराज नंबर चार पर बने हुए थे। 14वें शॉट के बाद फाइनल इवेंट में सिर्फ 6 खिलाड़ी बचे थे जिनमें भारत के दो खिलाड़ी सिंघराज और मनीष नरवाल शामिल थे। हालांकि दोनों ही खिलाड़ियों पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था। लेकिन 15वें शॉट के बाद मनीष नरवाल 133.4 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए। 16वें शॉट के बाद सिंघराज भी टॉप तीन में अपनी जगह बनाने में कामयाब हो गए। 20वें शॉट के बाद भारत के लिए दो मेडल पक्के हो गए थे। चीन के खिलाड़ी को 7.5 के स्कोर के साथ बाहर होना पड़ा। आखिरी शॉट में मनीष नरवाल ने भारत के लिए गोल्ड जीता जबकि सिंघराज के हिस्से में सिल्वर मेडल आया।

पदकों की संख्या हुई 15

टोक्यो ओलिंपिक में शनिवार सुबह आए दो मेडल के साथ ही गेम्स में भारत के पदकों की संख्या 15 हो गई है। पैरालिंपिक खेलों के इतिहास में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले शुक्रवार को भारत ने तीन मेडल अपने नाम किए थे। टी-64 ऊंची कूद में प्रवीण कुमार ने सिल्वर मेडल जीता था। 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन एसएच 1 स्पर्धा में अवनि लेखरा ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। वहीं तीरंदाजी में हरविंदर सिंह ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया था।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts