धमाकों की गूंज से दहला नाइजीरिया :23 की मौत 100 से ज्यादा घायल, गवर्नर ने जताई चिंता

बोर्नो राज्य के गवर्नर बाबागामा उमारा जुलुम ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है और इसे अमानवीय कृत्य बताया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। 
23 की मौत 100 से ज्यादा घायल, गवर्नर ने जताई चिंता
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    अबूजा। नाइजीरिया के संघर्षग्रस्त शहर मैदुगुरी में सोमवार रात हुए आत्मघाती बम धमाकों ने पूरे इलाके को दहला दिया। इन हमलों में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हाल के वर्षों में यह शहर में हुआ सबसे घातक हमला माना जा रहा है। जिसमें मौतों की संख्या ने बड़ी चिंता खड़ी कर दी है।

    भीड़भाड़ वाले इलाकों बने निशाना

    जानकारी के मुताबिक, बोर्नो राज्य की राजधानी में तीन अलग-अलग जगहों पर विस्फोट हुए। हमलावरों ने खास तौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाया, जिनमें एक प्रमुख बाजार और यूनिवर्सिटी ऑफ मैदुगुरी टीचिंग हॉस्पिटल का प्रवेश द्वार शामिल है। धमाकों के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

    यह भी पढ़ें: भारत के पास सीजफायर की चाबी? फिनलैंड के राष्ट्रपति बोले- PM मोदी ही रोक सकते हैं ईरान-अमेरिका जंग

    बोको हराम पर गहरा शक

    पुलिस प्रवक्ता नाहूम केनेथ दासो ने बताया कि अभी तक किसी भी संगठन ने हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन बोको हराम पर पुलिस को शक है। यह जिहादी संगठन 2009 से नाइजीरिया में एक्टिव है और कट्टरपंथी शरिया कानून लागू करने के लिए हिंसक विद्रोह चला रहा है।

    घायलों से भरे अस्पताल, चश्मदीदों ने सुनाई दास्तां

    प्रत्यक्षदर्शी बगोनी अल्कली ने बताया कि धमाकों के बाद हालात बेहद भयावह थे। उन्होंने कहा कि हमले में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं और अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। कई लोग मौके पर ही दम तोड़ चुके थे। दूसरी ओर एक स्वयंसेवी सदस्य मोहम्मद हसन ने बताया कि उन्होंने पोस्ट ऑफिस और मंडे मार्केट इलाके से कम से कम 10 शव निकाले।

    गवर्नर ने की कड़ी निंदा

    बोर्नो राज्य के गवर्नर बाबागामा उमारा जुलुम ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है और इसे अमानवीय कृत्य बताया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। 

    नाइजीरियाई सेना ने दावा किया है कि उसी दिन सुबह शहर के बाहरी इलाके में संदिग्ध आतंकियों के हमले को नाकाम कर दिया गया था। इसके बावजूद शाम को हुए इन धमाकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    लंबे समय से संकट में है क्षेत्र

    नाइजीरिया का उत्तरी हिस्सा लंबे समय से आतंकी हिंसा और सशस्त्र समूहों की गतिविधियों से जूझ रहा है। इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस जैसे संगठनों की मौजूदगी ने हालात और जटिल बना दिए हैं। यह हमला एक बार फिर दिखाता है कि क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियां अब भी गंभीर बनी हुई हैं और आम नागरिक सबसे ज्यादा इसकी कीमत चुका रहे हैं।

    Aakash Waghmare
    By Aakash Waghmare

    आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...

    Latest Posts