अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट हुई फेल!दिखे 3 बच्चे, ऑपरेशन में निकला चौथा… सिवान के डॉक्टर भी रह गए हैरान

बिहार। सिवान जिले से एक बेहद अनोखी और चर्चित खबर सामने आई है। जिले के बड़हरिया-झुनापुर हाईवे स्थित मार्क हॉस्पिटल में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की डिलीवरी सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए कराई गई थी। सबसे हैरानी की बात यह रही कि गर्भावस्था के दौरान हुए अल्ट्रासाउंड में तीन बच्चों की जानकारी मिली थी लेकिन ऑपरेशन के समय चौथे बच्चे के जन्म ने डॉक्टरों को भी चौंका दिया। जन्म के बाद एक बच्चे की मौत हो गई जबकि मां और बाकी तीनों बच्चे अब पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट से अलग मामला
मैरवा प्रखंड के अकोल्ही गांव निवासी मनोज यादव की पत्नी सुनीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर मार्क हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की टीम पहले से इस डिलीवरी को ट्रिपल प्रेग्नेंसी मानकर तैयारी कर रही थी क्योंकि जांच रिपोर्ट में तीन बच्चों की जानकारी सामने आई थी लेकिन ऑपरेशन शुरू होते ही डॉक्टरों को एक और बच्चे के होने का पता चला। डॉक्टरों ने बताया कि ऐसी स्थिति बहुत कम देखने को मिलती है। अस्पताल के स्टाफ के लिए भी यह मामला काफी अलग और चुनौतीपूर्ण रहा।
ये भी पढ़ें: भारत बना हीटवेव का सेंटर : दुनिया के सबसे गर्म 22 शहरों में स्थान, अकेले 13 UP के शहर
तीन लड़के और एक लड़की ने लिया जन्म
ऑपरेशन के दौरान महिला ने तीन लड़कों और एक लड़की को जन्म दिया। हालांकि जन्म के थोड़ी देर बाद एक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई, हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार के लिए यह खुशी और दुख दोनों का समय बन गया। पिता मनोज यादव ने बताया कि यह उनकी पत्नी की पहली डिलीवरी थी और उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि एक साथ चार बच्चों का जन्म होगा। उन्होंने कहा कि बाकी तीन बच्चों के स्वस्थ रहने से पूरा परिवार अब राहत महसूस कर रहा है।
नवजातों को रखना पड़ा विशेष निगरानी में
जन्म के बाद तीन बच्चों में से दो की हालत सामान्य नहीं थी। इसके बाद शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर कुमार की देखरेख में दोनों बच्चों को नंदन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने लगातार उनकी निगरानी की और जरूरी इलाज शुरू किया। करीब चार दिनों तक इलाज चलने के बाद बच्चों की तबीयत में सुधार हुआ। डॉक्टरों ने बताया कि अब सभी बच्चे सामान्य स्थिति में हैं। 17 मई को दोनों बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं कुछ दिन बाद मां को भी डिस्चार्ज कर दिया गया।
डॉक्टरों ने बताया दुर्लभ मामला
मार्क हॉस्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता रानी ने बताया कि एक साथ चार बच्चों का जन्म होना बेहद दुर्लभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर अल्ट्रासाउंड में बच्चों की सही संख्या का पता चल जाता है, लेकिन इस मामले में चौथा बच्चा ऑपरेशन के दौरान सामने आया, जिसने पूरी मेडिकल टीम को आश्चर्य में डाल दिया। डॉक्टर ने यह भी कहा कि सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि प्रसूता महिला और तीनों बच्चे अब स्वस्थ हैं। अस्पताल की टीम लगातार उनकी देखभाल कर रही थी और समय पर इलाज मिलने से स्थिति संभाल ली गई।
ये भी पढ़ें: Bihar Politics: घर छोड़कर आश्रम में हुए शिफ्ट हुए प्रशांत किशोर, जानिए फैसला के पीछे की वजह
चर्चा का विषय बना मामला
सिवान और आसपास के इलाकों में यह खबर तेजी से चर्चा का विषय बन गई। अस्पताल में बच्चों को देखने के लिए लोगों की भीड़ पहुंचने लगी। लोग भगवान का आशीर्वाद और कुदरत का अनोखा करिश्मा बता रहे हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि शुरुआत में वे काफी घबरा गए थे लेकिन अब मां और बच्चों की अच्छी सेहत देखकर सभी खुश हैं। डॉक्टर भी इसे अपने करियर के खास मामलों में से एक मान रहे हैं।











