Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

केरल में राजभवन, सीएम हाउस, कोच्चि एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में झूठी साबित हुई बात

केरल में राजभवन, सीएम हाउस, कोच्चि एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में झूठी साबित हुई बात
तिरुवनंतपुरम/कोच्चि। केरल के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास, राजभवन, सरकारी कार्यालयों और एक एयरपोर्ट को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली जो बाद में महज अफवाह साबित हुई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी है। अधिकारियों ने सभी परिसरों की तलाशी के लिए बम दस्ते तैनात किए हैं।

अलग-अलग विभागों को मिले धमकी भरे ई-मेल

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अलग-अलग विभागों को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए जिनमें राज्यपाल के आधिकारिक आवास राजभवन, मुख्यमंत्री के आवास ‘क्लिफ हाउस' और कोच्चि के कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की बात कही गई। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय और राज्य परिवहन आयुक्त के आधिकारिक ईमेल आईडी पर कथित रूप से धमकी भरे संदेश मिले।

अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

पुलिस ने बताया कि सभी स्थानों और सचिवालय में गहन जांच की गई, लेकिन अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। कोचीन हवाई अड्डे के अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि उनके जनसंपर्क अधिकारी को धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि हवाई अड्डे पर आरडीएक्स विस्फोटक उपकरण लगाया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने हवाई अड्डे की गहन जांच की।

CISF ने की सभी टर्मिनल की गहन जांच

एयरपोर्ट अथॉरिटी के बयान में कहा गया, ‘‘सीआईएसएफ ने सभी टर्मिनल की गहन जांच सुनिश्चित की। राज्य पुलिस द्वारा भी जांच की गई। विमानन कंपनी ने यात्रियों की दोबारा जांच सुनिश्चित की।'' तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी रविवार को सुबह बम से उड़ाने की फर्जी धमकी मिली थी। राज्य में उच्च न्यायालय और जिलाधिकारी कार्यालय सहित प्रमुख संस्थानों को हाल के दिनों में इस तरह की कई फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts