Telengana :तेलंगाना के DSP के पास मिली 300 करोड़ की बेनामी संपत्ति, पर्सनल डायरी ने खोले कई राज

तेलंगाना एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज में तैनात डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) संकीरेड्डी भीम रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार शाम कार्रवाई के बाद मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया। जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने अपनी आय से कहीं ज्यादा संपत्ति जुटाई और उसे बेनामी नामों पर छिपाया।
रिश्तेदारों और दोस्तों के नाम पर खरीदी करोड़ों की संपत्ति
जांच में सामने आया है कि भीम रेड्डी ने तेलंगाना और कर्नाटक में कई करोड़ रुपये की जमीन, मकान और दूसरी संपत्तियां अपने रिश्तेदारों, दोस्तों, सहयोगियों और कथित बेनामीदारों के नाम पर खरीद रखी थीं। ACB अब इन सभी संपत्तियों के दस्तावेजों और उनके वित्तीय स्रोतों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: जोधपुर में शाही शादी का जश्न : शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा ने लिए सात फेरे, उम्मेद भवन में जुटीं बड़ी हस्तियां
छापेमारी में क्या- क्या हुआ बरामद?
2 जुलाई को ACB ने भीम रेड्डी से जुड़े 16 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान उनके घर से 3.60 लाख रुपये नकद, करीब 2 किलो सोने के गहने, लगभग 20 किलो चांदी के सामान और करीब 20 लाख रुपये का बैंक बैलेंस मिला। एजेंसी को कई अहम दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
एक डायरी बनी सबसे बड़ा सबूत, बेटों को भेजी थी स्कैन कॉपी
जांच के दौरान अधिकारियों को भीम रेड्डी की हाथ से लिखी एक पर्सनल डायरी मिली। इसमें संपत्तियों, निवेश, कर्ज और कथित बेनामीदारों का पूरा ब्यौरा दर्ज था। जांच में पता चला कि मई में चारधाम यात्रा पर जाने से पहले उन्होंने इस डायरी की स्कैन कॉपी व्हाट्सएप के जरिए अपने दोनों बेटों को भेज दी थी। ACB का कहना है कि इसी डायरी के आधार पर कई बेनामी संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन का पता चला है। फिलहाल एजेंसी पूरे नेटवर्क और संपत्तियों की विस्तृत जांच में जुटी है।











