PlayBreaking News

तेलंगाना की केमिकल फैक्ट्री में धमाका : 10 मजदूरों की मौत, कई घायल; रिएक्टर में विस्फोट के बाद भड़की आग

Follow on Google News
तेलंगाना की केमिकल फैक्ट्री में धमाका : 10 मजदूरों की मौत, कई घायल; रिएक्टर में विस्फोट के बाद भड़की आग

संगारेड्डी। तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक कैमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। हादसा इतना भीषण था कि फैक्ट्री के एक हिस्से में आग लग गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 20 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।

रिएक्टर में हुआ धमाका

हादसा संगारेड्डी जिले के पटंचेरुवु इलाके में स्थित सिगाची फार्मा कंपनी में सुबह करीब 7 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री में काम चल ही रहा था कि अचानक एक रिएक्टर फट गया। इस धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई।

मजदूरों की जान बचाने के लिए रेस्क्यू जारी

विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। मजदूर जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। कई मजदूर मलबे में दब गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम लगी हुई है। अब तक 10 मजदूरों के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 20 से अधिक घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

धमाके की वजह से गिरी इमारत

शुरुआती जांच के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की इमारत का एक हिस्सा पूरी तरह ढह गया। कई मजदूर 100 मीटर तक हवा में उछलकर दूर जा गिरे। रिएक्टर में अत्यधिक दबाव या तकनीकी खराबी इस धमाके की वजह हो सकती है, लेकिन प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। आसपास के फैक्ट्रियों को एहतियातन बंद कर दिया गया है ताकि आग और विस्फोट की चपेट में अन्य उद्योग न आएं।

जांच के आदेश जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। संगारेड्डी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मौके का जायजा लिया और जांच के आदेश दिए। घटनास्थल को सील कर दिया गया है और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।

हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि उन्होंने इतने जोरदार धमाके की आवाज पहले कभी नहीं सुनी थी। स्थानीय प्रशासन को आशंका है कि कुछ मजदूर अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।

सरकार ने हादसे पर जताया शोक

राज्य सरकार ने हादसे पर शोक जताया है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। संभावना है कि सरकार जल्द ही मुआवजे की घोषणा करेगी।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts