Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पूरी तरह सफल रही शी के साथ बैठक, रेयर अर्थ मिनरल देने, सोयाबीन और कृषि उत्पाद खरीदने पर राजी हुआ चीन : डोनाल्ड ट्रंप

बैठक को न्यूयॉर्क टाइम्स ने बेहद नकारात्मक ढ़ंग से पेश किया, खबरों में ऐसे दिखाया जैसे इसमें कोई समझौता नहीं हुआ
पूरी तरह सफल रही शी के साथ बैठक, रेयर अर्थ मिनरल देने, सोयाबीन और कृषि उत्पाद खरीदने पर राजी हुआ चीन : डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति

वाशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगाया है। डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि इस अखबार ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी हाल की बैठक को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। उसने एक सफल वार्ता को नकारात्मक रूप में दिखाने की कोशिश की। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच यह बैठक बुसान, दक्षिण कोरिया में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। डोनाल्ड ट्रंप ने इसे अमेरिका के लिए बहुत बड़ी जीत बताया था। डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया इस मुलाकात में चीन कई महत्वपूर्ण रियायतें देने को राजी हुआ। उन्होंने कहा कि इस बैठक में चीन ने रेयर अर्थ्स से जुड़े अपने पुराने स्टैंड को वापस लिया, अरबों डॉलर के सोयाबीन और कृषि उत्पाद खरीदने पर सहमति जताई।

दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी गतिरोध खत्म

ये वे मुद्दे हैं, जिनपर लंबे समय से गतिरोध बना हुआ था, लेकिन इस मुलाकात में यह मसला हल हो गया। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग उनके निकट मित्र हैं। हमने इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच जारी गतिरोध खत्म कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आगे की बैठकों के लिए भी ठोस योजना बनाई है, ताकि हम द्वपक्षीय सहयोग की मजबूत नींव रख सकें। डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स के पत्रकारों लिली कुओ और डेविड पियर्सन की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने एक बेहद सफल बैठक की नकारात्मक तरीके से रिपोर्टिंग की। इन पत्रकारों ने उनकी सफल बैठक को खराब दिखाने की कोशिश की और बताया कि बैठक में दोनों पक्षों के बीच कोई उल्लेखनीय समझौता नहीं हो सका है।

मीडिया पर लगाया भ्रामक कवरेज का आरोप

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से अमेरिकी मीडिया पर पक्षपातपूर्ण और भ्रामक कवरेज का आरोप लगाते रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दो माह पहले दुर्लभ खनिजों की आपूर्ति को लेकर पूरी दुनिया बेहद चिंतित थी, लेकिन अब यह मुद्दा खत्म हो चुका है। न्यूयार्क टाइम्स के पत्रकारों ने यह नहीं बताया कि रेयर अर्थ की आपूर्ति के लिए चीन बुसान बैठक के बाद ही राजी हुआ है। रेयर अर्थ की आपूर्ति के लिए राजी होने पर पूरी दुनिया राहत की सांस ले रही है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा इस समस्या का समाधान बहुत कम समय में हो गया। उन्होंने कहा टैरिफ के दबाव के बिना यह किसी तरह संभव नहीं था। उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को कड़ा और बुद्धिमान नेता बताया। उन्होंने यह भी बताया वार्ता के दौरान शी जिनपिंग के साथ आए चीनी अधिकारी काफी तनावग्रस्त दिखाई दे रहे थे।

Aniruddh Singh
By Aniruddh Singh

अनिरुद्ध प्रताप सिंह। नवंबर 2024 से पीपुल्स समाचार में मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत। दैनिक जाग...

Latest Posts