UP News:राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025, 7 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन; उत्कृष्ट शिक्षकों को मिलेगा सम्मान

उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह पहल शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देने और उत्कृष्ट शिक्षकों को पहचान दिलाने के लिए की गई है। पात्र शिक्षक और शिक्षिकाएं 7 जून से 30 जून 2026 तक प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025, 7 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन; उत्कृष्ट शिक्षकों को मिलेगा सम्मान

राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए केवल नियमित सेवा में कार्यरत शिक्षक ही आवेदन कर सकेंगे। पात्रता के लिए कम से कम 15 वर्ष की नियमित सेवा और रिटायर्ड होने में 5 साल बाकी हो। चयन 100 अंकों की मूल्यांकन प्रणाली के आधार पर किया जाएगा, जिसमें शैक्षणिक उपलब्धियों से लेकर नवाचार आधारित शिक्षण तक को महत्व दिया जाएगा। जनपद और राज्य स्तर पर दो चरणों में चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक टीचर्स 7 जून से 30 जून तक प्रेरणा पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। शासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इससे प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी। 

ये भी पढ़ें: गाडरवाड़ा बनेगा पावर हब! PM मोदी करेंगे 1600 मेगावाट बिजली परियोजना का शिलान्यास

न्यूनतम 15 वर्ष की सेवा जरूरी 

पुरस्कार के लिए केवल नियमित रूप से कार्यरत शिक्षक, शिक्षिकाएं ही पात्र होंगे। आवेदन करने वाले शिक्षकों की न्यूनतम 15 वर्ष की नियमित सेवा पूरी होना जरूरी है। साथ ही उनकी सेवानिवृत्ति में कम से कम पांच वर्ष का समय बाकी होना चाहिए। संविदा शिक्षक, शिक्षामित्र, रिटायर्ड शिक्षक और पहले से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित शिक्षक इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे। शासन ने पात्रता मानकों को स्पष्ट रूप से निर्धारित किया है।

100 अंकों के आधार पर होगा मूल्यांकन

योगी सरकार ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह गुणवत्ता आधारित बनाया है। शिक्षकों का मूल्यांकन 100 अंकों की निर्धारित प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। इसमें शैक्षणिक उपलब्धियां, विद्यालय विकास में योगदान, छात्र नामांकन वृद्धि, डिजिटल संसाधनों का उपयोग, नवाचार आधारित शिक्षण और छात्र अधिगम स्तर में सुधार जैसे पॉइंट्स को शामिल किया गया है। इसके अलावा प्रेजेंटेशन और साक्षात्कार को भी चयन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।

ये भी पढ़ें: क्या भारत में पहुंच गया इबोला वायरस? राजस्थान में मिला पहला संदिग्ध केस, युगांडा से आई युवती में मिले लक्षण; RUHS में भर्ती

दो चरणों के बाद होगा चयन 

1 जुलाई से 20 जुलाई तक जनपद चयन समितियां प्राप्त आवेदनों का परीक्षण, सत्यापन और मूल्यांकन करेंगी। इस दौरान प्रत्येक जिले से तीन श्रेष्ठ शिक्षकों का चयन किया जाएगा। इसके बाद राज्य चयन समिति 1 अगस्त से 14 अगस्त के बीच पुनर्मूल्यांकन, प्रस्तुतीकरण और साक्षात्कार आयोजित करेगी। अंतिम चरण में प्रत्येक जनपद से एक उत्कृष्ट शिक्षक का चयन कर उसे राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया जाएगा। 

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts