एशिया कप के बाद अचानक कप्तानी से हटीं निगार सुल्ताना, दिया इस्तीफा, BCB भी हैरान

बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम में अचानक बड़ा बदलाव हुआ है। एशिया कप 2026 के बाद टीम की कप्तान निगार सुल्ताना ने टी20 की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। खास बात यह है कि उनके इस फैसले की जानकारी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों को पहले से नहीं थी। निगार साल 2022 से बांग्लादेश की टी20 टीम की कप्तानी संभाल रही थीं। उनके अचानक कप्तानी छोड़ने से बोर्ड भी हैरान है और अब उनके फैसले की वजह जानने की कोशिश की जा रही है।
मेल के जरिए बोर्ड को मिली जानकारी
बांग्लादेश महिला विंग के चेयरमैन रफिकुल इस्लाम बाबू ने बताया कि उन्हें निगार सुल्ताना का संदेश ई-मेल के जरिए मिला था। उन्होंने कहा कि निगार इस समय सहज महसूस नहीं कर रही थीं और अब अपना पूरा ध्यान बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग पर लगाना चाहती हैं। निगार ने टी20 की कप्तानी से हटने के साथ 50 ओवर के फॉर्मेट में खेलना जारी रखने की इच्छा भी जताई है।
80 मैचों में संभाली टीम की कमान
निगार सुल्ताना ने 2022 से 2026 के बीच 80 टी20 मैचों में बांग्लादेश की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में टीम ने 32 मैच जीते, जबकि 47 मुकाबलों में उसे हार मिली। एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका। वह बांग्लादेश की महिला टी20 टीम की अब तक की सबसे अनुभवी कप्तान हैं। हालांकि, कप्तान के तौर पर उनका सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा। अक्टूबर 2023 के बाद बांग्लादेश की महिला टीम कोई द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं जीत सकी है।
एशियन गेम्स के बाद होगा फैसला
रफिकुल इस्लाम बाबू ने कहा कि वह इस मामले पर BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल से बात करेंगे। टीम के एशियन गेम्स से लौटने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा और नई टी20 कप्तानी को लेकर तस्वीर साफ होगी।
क्वार्टरफाइनल खेले बिना सेमीफाइनल में पहुंचा बांग्लादेश
एशियन गेम्स में बांग्लादेश का क्वार्टरफाइनल मुकाबला चीन से होना था। लेकिन मैदान की स्थिति खेलने के लायक नहीं थी। ऐसे में बेहतर रैंकिंग वाली टीम होने के कारण बांग्लादेश को सीधे सेमीफाइनल में जगह मिल गई।



















