सिंगवाड़ा स्कूल में पानी और बिना बिजली से परेशान थे बच्चे, समस्या का हुआ समाधान; हैंडपंप भी चालू

सोहागपुर। भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज और विजय छावड़िया ने स्कूल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिक्षकों ने बताया कि बिजली विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को सूचना देने और नियमित बिजली बिल जमा करने के बावजूद बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी थी। स्कूल का हैंडपंप भी लंबे समय से खराब पड़ा था, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को पेयजल के लिए परेशानी हो रही थी।
गर्मी में बिना पंखे के पढ़ने को मजबूर थे बच्चे
इस दौरान गर्मी के बावजूद कक्षाओं में पंखे नहीं चल रहे थे और बच्चे, शिक्षक गर्मी से परेशान थे। शिक्षकों ने बताया कि स्कूल की बिजली पिछले एक साल से अधिक समय से बंद है, जबकि स्कूल प्रबंधन बिजली विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही नियमित रूप से बिजली बिल भी जमा करता रहा।
ये भी पढ़ें: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में मृत मिला चीतल, शव परीक्षण में आवारा कुत्तों के हमले की आशंका
लंबे समय से खराब पड़ा था स्कूल का हैंडपंप
स्कूल में बिजली के साथ पेयजल की समस्या भी बनी हुई थी और हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा था। इसके कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्कूल की मूलभूत सुविधाओं की समस्या सामने आने के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज ने इसके तत्काल निराकरण के प्रयास शुरू किए और संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।
डीईओ और पीएचई एसडीओ से की तत्काल चर्चा
समस्या की गंभीरता को देखते हुए मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज ने जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष प्रताप सिंह से फोन पर चर्चा कर स्कूल की बिजली समस्या से अवगत कराया। डीईओ ने तत्काल बिजली व्यवस्था बहाल कराने का आश्वासन दिया, वहीं पेयजल समस्या के निराकरण के लिए पीएचई विभाग के एसडीओ को जानकारी दी गई। एसडीओ ने हैंडपंप सुधारने का आश्वासन दिया और मंगलवार को दोनों समस्याओं का निराकरण हो गया।
चंदा कर शिक्षकों ने लगवाए थे कक्षाओं में पंखे
शिक्षकों ने बताया कि बिजली की समस्या के बावजूद बच्चों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए उन्होंने आपस में चंदा एकत्र कर कक्षाओं में पंखे लगवाए थे। बिजली नहीं होने के कारण ये पंखे करीब एक साल से बंद पड़े थे, लेकिन अब बिजली बहाल होने के बाद विद्यार्थी पंखों की सुविधा में पढ़ाई कर सकेंगे। हैंडपंप चालू होने से स्कूल में ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को पीने का पानी भी उपलब्ध होगा।
ये भी पढ़ें: सीहोर: खराब सड़क से परेशान लोगों ने किया चक्काजाम, 30 करोड़ की सड़क उखड़ी
बरवानी प्राथमिक शाला में भी किए थे प्रयास
शिक्षकों और विद्यार्थियों ने समस्या के जल्द निराकरण के लिए मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज का आभार व्यक्त किया। लंबे समय से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्या के 24 घंटे के भीतर निराकरण से स्कूल में राहत का माहौल है। उल्लेखनीय है कि ऐसे ही कई कल्याणकारी काम भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज के खाते में हैं, बरवानी की प्राथमिक शाला में भी उनके प्रयासों से स्कूल का गेट लगा और लंबे समय से बंद हैंडपंप में पानी पहुंचा था, जिससे आज बरवानी की प्राथमिक शाला के बच्चे राहत महसूस करते हैं।




















