रेलवे स्टेशन की बदहाली पर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, 15 दिन का अल्टीमेटम
सोहागपुर। सोहागपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की कथित बदहाली को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 12 सितंबर की रात रामप्रसाद वार्ड निवासी कमल अहिरवार की ट्रेन से उतरते समय पैर फिसलने और पैरदान में फंसने के बाद हुई मौत के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने स्टेशन की व्यवस्थाओं में सुधार और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्टेशन परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था समेत यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कमल अहिरवार की मौत के मामले में निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
स्टेशन और ट्रैक क्षेत्र में रोशनी की मांग
कांग्रेस ने स्टेशन परिसर और रेलवे ट्रैक के आसपास रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है। ज्ञापन में हाईमास्ट लाइट सहित मुकम्मल रोशनी की व्यवस्था करने की बात कही गई है। कांग्रेस का कहना है कि इससे यात्रियों को रात में आवागमन में परेशानी नहीं होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सकेगी।
फुट ओवर ब्रिज या अंडर ब्रिज बनाने की मांग
यात्रियों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज अथवा अंडर ब्रिज का निर्माण जल्द कराने की मांग भी की गई है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने से यात्रियों की ट्रैक पार करने की मजबूरी कम होगी और हादसों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
आरपीएफ गश्त बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में स्टेशन परिसर में सुबह और रात के समय नियमित आरपीएफ गश्त कराने की मांग भी शामिल है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्टेशन परिसर में शराबियों और असामाजिक तत्वों के कारण यात्रियों में भय का माहौल बना रहता है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की मांग
कांग्रेस ने सोहागपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर आधुनिकीकरण कराने की मांग की। इसके अलावा प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने, शेड, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई जैसी यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
ट्रेनों के ठहराव और पेयजल की मांग
ज्ञापन में सोहागपुर स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की वर्षों पुरानी मांग पूरी करने की बात कही गई। साथ ही दोनों प्लेटफॉर्म पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
15 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने रेलवे प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन महज औपचारिकता नहीं है। निर्धारित अवधि में मांगों पर ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सोहागपुर में व्यापक स्तर पर शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी। ज्ञापन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल, सेवा दल अध्यक्ष इरफान खान, गजेन्द्र सिंह चौधरी, ऋषभ दीक्षित, अनंत तिवारी, कमलेश मालवीय, जमील खान, मोहन कहार, भास्कर मांझी, सुमित्रा बामनिया, फागूराम अहिरवार, गणेश अहिरवार सहित अन्य कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।






















