Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मोदी के 25 साल की सेवा से विकसित भारत तक! MP में आज से गूंजेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। भाजपा के इस अभियान में सेवा, स्वच्छता, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रम होंगे। छिंदवाड़ा में भी विभिन्न गतिविधियों के जरिए लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने की तैयारी की गई है।
मोदी के 25 साल की सेवा से विकसित भारत तक! MP में आज से गूंजेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
एक महीने तक चलेगा जनभागीदारी अभियान

छिंदवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 साल की सार्वजनिक सेवा यात्रा को केंद्र में रखते हुए भाजपा ने मध्यप्रदेश में एक महीने के अभियान की रूपरेखा तैयार की है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे। पूर्व मंत्री कमल पटेल ने भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के साथ पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को सरकार की योजनाओं से मिली मदद और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों से जोड़ना है। अभियान में रक्तदान, स्वच्छता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आंगनवाड़ी गतिविधियां और रैलियां भी आयोजित की जाएंगी।

25 साल की सेवा यात्रा को जनता तक पहुंचाने की तैयारी

पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े रहे हैं। उनके अनुसार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई यह यात्रा आगे चलकर देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंची। भाजपा इस सफर को आम लोगों के बीच ले जाने के लिए पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित करेगी।

भोपाल के बड़े तालाब पर किसका कब्जा? रिपोर्ट आज NGT में होगी पेश, 5 दिन तक चला सर्वे, रेस्टोरेंट और सड़कें मिलीं

सेवा दिवस पर हर बूथ में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। शाम 7 बजे मध्यप्रदेश के 71 हजार 930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। पार्टी के अनुसार दीप प्रज्वलन के जरिए प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा के प्रति आभार जताने के साथ विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा।

स्वच्छता से बच्चों की रचनात्मकता तक होंगे कार्यक्रम

अभियान में 2 अक्टूबर को स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत—चित्र सेवा’ के जरिए बच्चों को अपने कल्पित भारत को चित्रों के माध्यम से सामने रखने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक और संगीत के जरिए ‘नमो सेवा- अनकही कहानियां’ कार्यक्रम होंगे। आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ भी आयोजित की जाएगी।

शक्ति केंद्रों पर सामने आएंगी सफलता की कहानियां

प्रदेश के 11 हजार 404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम रखा गया है। इसमें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों की वास्तविक कहानियां सामने लाने की तैयारी है। भाजपा का कहना है कि इन अनुभवों के जरिए लोगों को यह बताया जाएगा कि विभिन्न योजनाओं का आम परिवारों के जीवन पर किस तरह असर पड़ा है।

कैलाश मकवाना के बाद कौन? MP के अगले DGP की रेस में 3 नाम सबसे आगे

7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा- विकसित भारत का संकल्प’ निकाली जाएगी। इसमें पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली जैसे कार्यक्रम होंगे। भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक इसमें शामिल होकर सेवा और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर सामूहिक संकल्प लेंगे।

EDIT BY: ADITI RAWAT

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts