पान की दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; नकदी के साथ 13 हजार का सामान बरामद

मेन मार्केट स्थित पान की दुकान में हुई चोरी का सोहागपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी के साथ सिगरेट, बीड़ी और गुटखा पाउच समेत करीब 15 हजार 800 रुपये का सामान बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक गांधी वार्ड निवासी अरविंद चौरसिया ने 8 अगस्त की रात अपनी पान की दुकान में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि अज्ञात चोर दुकान से नकदी और पान दुकान का सामान लेकर फरार हो गया। शिकायत मिलने के बाद सोहागपुर थाने में अपराध क्रमांक 488/26 के तहत BNS की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा एस. थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने चोरी की वारदात की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली। इसके आधार पर जमनी टोला निवासी अजय चौहान उर्फ गज्जनी पारधी और ललित पारधी को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने मेन मार्केट स्थित पान की दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और नकदी बरामद कर ली।
ये भी पढ़ें: हरदा: सुअर पकड़ने पहुंची नगर पालिका की टीम का महिलाओं ने किया विरोध, पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक
नकदी के साथ सिगरेट, बीड़ी और गुटखा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2,850 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 12,950 रुपये कीमत का मशरूका भी जब्त किया गया है। इसमें सिगरेट, बीड़ी और गुटखा पाउच शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय चौहान उर्फ गज्जनी पारधी, उम्र 22 वर्ष, पिता कमल सिंह पारधी, निवासी जमनी टोला और ललित पारधी, उम्र 25 वर्ष, पिता बाबू पारधी, निवासी जमनी टोला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इनकी रही अहम भूमिका
चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक गणेश राय, प्रधान आरक्षक विनोद नागर, आरक्षक संदीप चौधरी, अजय चौधरी, अफसर खान, नंदकिशोर आरओ अजमेर, मनोहर दायमा, प्रकाश, सुनील ओझा और महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।














