बेगमगंज में हिन्दू उत्सव समिति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू, 23 अगस्त को होगा मतदान

बेगमगंज। श्री सियावास हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। समिति के पंजीकृत सदस्यों के बीच होने वाले इस चुनाव को लेकर सदस्यता अभियान 10 अगस्त से शुरू किया जा चुका है। सदस्यता लेने की अंतिम तारीख 16 अगस्त रात 8 बजे निर्धारित की गई है। इसके बाद 18 अगस्त को सदस्यता सूची जारी कर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। चुनाव में मतदान 23 अगस्त को दशहरा मैदान स्थित संस्कृति भवन में कराया जाएगा।
16 अगस्त तक ले सकेंगे समिति की सदस्यता
पूर्व अध्यक्षों और निर्वाचन कमेटी के निर्णय के अनुसार इस वर्ष भी समिति के अध्यक्ष का चुनाव पंजीकृत सदस्यों के माध्यम से कराया जा रहा है। निर्वाचन अधिकारी संतोष कण्डया ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के तहत सदस्यता अभियान शुरू हो चुका है। समिति से जुड़ने के लिए 16 अगस्त की रात 8 बजे तक 150 रुपये शुल्क जमा कर सदस्यता ली जा सकती है। इसके साथ ही समिति की 3, 5 और 10 वर्ष की स्थाई सदस्यता का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। सदस्यता के लिए बेगमगंज में अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां इच्छुक लोग आवेदन कर सकते हैं।
इन स्थानों पर मिलेगी सदस्यता
सदस्यता के लिए चन्द्रमोहन साहू, जयश्री इलेक्ट्रॉनिक्स, पुराना बस स्टैंड; बब्लू महाराज, पुराना बस स्टैंड; उपेन्द्र सिंह ठाकुर, मेडिकल स्टोर, कबीट चौराहा; अनिल चौरसिया, नया बस स्टैंड पान दुकान; विश्वजीत दुबे (लच्छू महाराज), सोसायटी मार्केट; संतोष राय (ठेकेदार), सिद्धेश्वर बालाजी ग्रुप ऑफिस; एडवोकेट रवि रावत, रावत मेडिकल स्टोर, अस्पताल के सामने; संजय राय, राय बोरवेल कार्यालय, भोपाल रोड; रामकिशोर सेंतिया, गल्ला मंडी; डॉ. जितेन्द्र तोमर, सागर रोड; डॉ. रवि शर्मा, फर्सी रोड और राकेश भार्गव, मेडिकल स्टोर, अस्पताल मार्केट समेत निर्धारित केंद्रों पर सदस्यता ली जा सकेगी।
18 अगस्त को जारी होगी सदस्य सूची, उसी दिन नामांकन
सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद 18 अगस्त को सुबह 11 बजे दशहरा मैदान स्थित संस्कृति भवन में सदस्यता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके तुरंत बाद अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। अध्यक्ष पद के लिए आवेदन फार्म सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक 500 रुपये शुल्क के साथ प्राप्त किए जा सकेंगे। वहीं नामांकन फार्म दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक 5 हजार रुपये शुल्क के साथ जमा होंगे।
19 अगस्त को उम्मीदवारों की अंतिम सूची होगी जारी
नामांकन फार्मों की जांच के बाद 19 अगस्त को सुबह 10:30 बजे तक उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय दोपहर 12 बजे तक रहेगा और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका निराकरण किया जाएगा। इसी दिन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम 5 बजे अंतिम प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी और उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
23 अगस्त को मतदान और मतगणना
निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण 23 अगस्त, रविवार को होगा। इस दिन दशहरा मैदान स्थित संस्कृति भवन में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस तरह सदस्यता अभियान से लेकर नामांकन, आपत्ति, नाम वापसी और मतदान तक की पूरी चुनावी प्रक्रिया के लिए तारीख और समय तय कर दिए गए हैं। समिति के पंजीकृत सदस्य निर्धारित अवधि में सदस्यता और चुनाव प्रक्रिया से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे।












