राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस:श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की आज अहम बैठक, चंपत राय के इस्तीफे और SIT रिपोर्ट पर होगा फैसला!

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को होने वाली बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी मामले के बाद यह पहली बड़ी बैठक है, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे, SIT की रिपोर्ट, वित्त वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट और मंदिर के प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा इस बैठक का प्रमुख एजेंडा रहेगा। बैठक के नतीजे आने वाले समय में ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और नेतृत्व की दिशा तय कर सकते हैं।
चढ़ावा चोरी मामले पर होगी चर्चा
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। ट्रस्ट के सामने SIT की रिपोर्ट रखी जाएगी, जिसमें अब तक हुई जांच की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा वित्त वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। ट्रस्ट यह भी समीक्षा करेगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कौन से नए कदम उठाए जाएं।
चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला संभव
बैठक में सबसे ज्यादा नजरें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर रहेंगी। दोनों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है लेकिन अभी तक उसे मंजूरी नहीं मिली है। ट्रस्ट के सदस्य इस पर विचार करेंगे कि इस्तीफा स्वीकार किया जाए या नहीं। अगर इस्तीफा मंजूर होता है तो नए महासचिव और ट्रस्टी की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी, इस पर भी चर्चा हो सकती है।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस : कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी बोले-दोषी चाहे कितना भी बड़ा हो, उसे सख्त सजा मिले'
मंदिर के प्रबंधन में बदलाव पर चर्चा
चंपत राय लंबे समय से राम मंदिर से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। ऐसे में उनके पद छोड़ने की स्थिति में मंदिर के संचालन और प्रबंधन की नई व्यवस्था तय करना भी ट्रस्ट के सामने बड़ी जिम्मेदारी होगी।
नियमों के अनुसार होगी आगे की प्रक्रिया
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की डीड में किसी ट्रस्टी के इस्तीफे और नए सदस्य की नियुक्ति को लेकर स्पष्ट नियम बनाए गए हैं। यदि कोई सदस्य इस्तीफा देता है तो तय प्रक्रिया के अनुसार उस पर फैसला लिया जाता है। वहीं यदि किसी ट्रस्टी पर ट्रस्ट के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप हो, तो उसे कारण बताओ नोटिस देने और जवाब का अवसर देने के बाद दो-तिहाई बहुमत से हटाया जा सकता है।
सुरक्षा के बीच होगी महत्वपूर्ण बैठक
बैठक सुरक्षा कारणों से राम जन्मभूमि परिसर स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित की जाएगी। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास इसकी अध्यक्षता करेंगे। वरिष्ठ सदस्य के. परासरन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल होंगे। सभी प्रमुख सदस्यों को बैठक की सूचना पहले ही भेजी जा चुकी है।
चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ गिरफ्तार
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ कर्मचारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ये कर्मचारी चढ़ावे में आई नकदी की गिनती का काम करते थे। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही। यदि जांच में किसी ट्रस्टी की लापरवाही सामने आती है, तो कानून के अनुसार उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।











