PM मोदी से मिलेंगे शरद पवार गुट के सभी 8 सांसद, महाराष्ट्र के इन मुद्दों पर होगी चर्चा; सियासी अटकलें तेज

नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार की पार्टी के सांसदों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होने वाली मुलाकात ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP (SP) के सभी 8 लोकसभा सांसद सोमवार को संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे। हालांकि, पार्टी ने साफ किया है कि बैठक का मकसद महाराष्ट्र से जुड़े गंभीर मुद्दों को प्रधानमंत्री के सामने रखना है। NCP (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि पार्टी ने प्रधानमंत्री से मिलने का समय महाराष्ट्र की समस्याओं पर चर्चा के लिए मांगा था। संसद की कार्यवाही लगातार बाधित होने के कारण सांसदों ने राज्य के मुद्दों को सीधे प्रधानमंत्री के सामने रखने का फैसला किया है।
पानी की कमी से किसान आत्महत्या तक, इन मुद्दों पर होगी बात
सुप्रिया सुले के मुताबिक महाराष्ट्र इस समय कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। इनमें पानी की कमी, किसानों की आत्महत्या, तेजी से बढ़ता शहरीकरण और उससे पैदा होने वाली समस्याएं प्रमुख हैं। सुले ने कहा कि प्रधानमंत्री को राज्य की जमीनी स्थिति से अवगत कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र की समस्याओं से अवगत कराया जाना चाहिए। पानी से जुड़े मुद्दे हैं, किसान आत्महत्याएं हैं और शहरीकरण के कारण भी समस्याएं पैदा हो रही हैं। इसके अलावा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना यानी MPLAD फंड के इस्तेमाल में आ रही दिक्कतों का मुद्दा भी उठाया जाएगा। NCP (SP) के मुताबिक सांसदों को अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए मिलने वाले 5 करोड़ रुपये के फंड का इस्तेमाल करने में व्यावहारिक परेशानियां आ रही हैं और राज्य सरकार से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने का भी आरोप है।
क्या सिर्फ विकास की बात होगी या कोई सियासी संदेश भी?
आठ सांसदों के एक साथ प्रधानमंत्री से मिलने को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। खासकर ऐसे समय में जब शरद पवार और बीजेपी नेताओं के बीच हाल के दिनों में कई मुलाकातें और राजनीतिक गतिविधियां चर्चा में रही हैं। हालांकि, NCP (SP) की ओर से इस बैठक को किसी गठबंधन या राजनीतिक समीकरण से जोड़कर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है। यानी फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि बैठक के पीछे कोई बड़ा राजनीतिक फेरबदल है। पार्टी की ओर से घोषित एजेंडा महाराष्ट्र के विकास और राज्य से जुड़े मुद्दे हैं।
बीजेपी ने किया बैठक का स्वागत
बीजेपी नेता नवनीत राणा ने NCP (SP) सांसदों की पीएम मोदी से मुलाकात का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अगर शरद पवार की पार्टी के सांसद महाराष्ट्र के विकास के लिए प्रधानमंत्री से मिल रहे हैं तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। नवनीत राणा ने कहा कि अगर सांसद राज्य की प्रगति के लिए प्रधानमंत्री से अपनी बात रखते हैं तो यह महाराष्ट्र के लिए अच्छी बात है। उन्होंने यह भी कहा कि मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन अगर इसका फायदा महाराष्ट्र के विकास को होता है तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।
AR रहमान के बेटे का देर रात हुआ भयानक एक्सीडेंट, अस्पताल पहुंचते ही बढ़ी फैंस की चिंता
कांग्रेस ने भी रखी अपनी मांग
इस मुलाकात से पहले कांग्रेस ने NCP (SP) से महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर INDIA गठबंधन का रुख प्रधानमंत्री के सामने रखने की अपील की है। कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने कहा कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को परिसीमन से जोड़कर लागू करने के बजाय इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए। दरअसल, केंद्र सरकार के प्रस्तावित संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने और महिला आरक्षण को जल्द लागू करने का प्रस्ताव था। हालांकि, यह विधेयक संसद में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका और पारित नहीं हुआ। कांग्रेस समेत विपक्षी दल महिला आरक्षण के समर्थन में हैं, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में शरद पवार गुट के आठ सांसदों की पीएम मोदी से मुलाकात पर महाराष्ट्र की सियासत की नजरें टिकी हैं। आधिकारिक तौर पर बैठक का एजेंडा राज्य के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दे हैं, लेकिन इसके राजनीतिक असर को लेकर चर्चाएं जरूर तेज हो गई हैं।












