सिवनी मालवा में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर:एसडीएम और पार्षद में हुई बहस

सिवनी मालवा। एसडीएम विजय राय ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की समीक्षा की और जेसीबी बुलवाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने पहले दुकानदारों को खुद अतिक्रमण हटाने का समय दिया, लेकिन समय पूरा होने के बाद कार्रवाई की गई। प्रशासन का कहना है कि नगर में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नगर के कई स्थानों पर चला अतिक्रमण हटाने का अभियान
सिवनी मालवा नगर में सोमवार को नगर पालिका भवन के नीचे, जयस्तंभ चौक, गांधी चौक, चौपाटी, सांदीपनी स्कूल के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। सुबह से शुरू हुआ अभियान देर शाम तक जारी रहा। प्रशासन ने कई स्थानों से अवैध रूप से रखे गए टप और अन्य अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों और प्रशासनिक अमले के बीच तीखी बहस भी हुई।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर थाने के निरीक्षण पर पहुंचे एसपी : साफ-सफाई और रिकॉर्ड व्यवस्था की जमकर सराहना,
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर दिए कार्रवाई के निर्देश
सोमवार शाम करीब 4 बजे एसडीएम विजय राय चौपाटी पहुंचे और नगर पालिका अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने सीएमओ से पूछा कि यहां अतिक्रमण अभी तक क्यों नहीं हटाया गया। सीएमओ ने बताया कि दुकानदार अपना सामान नहीं हटा रहे हैं। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल जेसीबी बुलवाई और लंबे समय से रखे गए टप हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।
एक घंटे का समय देने के बाद चली जेसीबी
कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार मौके पर पहुंचे और प्रशासन से विरोध जताते हुए बहस करने लगे। एसडीएम विजय राय ने उन्हें खुद अतिक्रमण हटाने के लिए एक घंटे का समय दिया। निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन ने जेसीबी से टपों को हटाने और तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी। अतिक्रमण में रखा सामान भी जब्त किया गया।
ये भी पढ़ें: एक शादी ऐसी भी… 264 पौधों के उपहार से यादगार बना पार्थ-अनवी का विवाह, पौधों के साथ हुई रिंग एक्सचेंज
स्कूल के आसपास अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिली थीं
सांदीपनी स्कूल के पास कार्रवाई के दौरान वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद ईश्वरदास जमीदार और एसडीएम विजय राय के बीच बहस भी हुई। एसडीएम ने बताया कि स्कूल के आसपास पान-गुटखा, गांजा और शराब के अवैध विक्रय की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा को देखते हुए कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमणकारियों को पिछले छह माह से समझाइश दी जा रही थी और पिछले तीन दिनों से मुनादी कर चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, इसलिए यह कार्रवाई करनी पड़ी। प्रशासन ने साफ किया कि नगर में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Edited By: Rohit Sharma












