भोपाल एयरपोर्ट पर सिर्फ ₹10 में चाय!यात्रियों के लिए ‘उड़ान यात्री कैफे’ शुरू करने का प्रस्ताव

हवाई सफर को आमतौर पर सबसे तेज और सुविधाजनक माना जाता है लेकिन एयरपोर्ट पर खाने-पीने की चीजें अक्सर काफी महंगी होती हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से उड़ान भरने वाले यात्रियों को जल्द राहत मिल सकती है।
यात्रियों के लिए ‘उड़ान यात्री कैफे’ शुरू करने का प्रस्ताव
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    हवाई सफर को आमतौर पर सबसे तेज और सुविधाजनक माना जाता है लेकिन एयरपोर्ट पर खाने-पीने की चीजें अक्सर काफी महंगी होती हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से उड़ान भरने वाले यात्रियों को जल्द राहत मिल सकती है। दरअसल राजा भोज एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ शुरू करने की तैयारी की जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन ने इसके लिए प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही यहां कैफे संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अगर योजना को हरी झंडी मिलती है तो यात्रियों को एयरपोर्ट पर बेहद कम कीमत में चाय, कॉफी और नाश्ता मिल सकेगा।

    मंजूरी के बाद शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

    एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार भोपाल में ‘उड़ान यात्री कैफे’ खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। मुख्यालय से स्वीकृति मिलते ही कैफे संचालन के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। टेंडर में यह स्पष्ट रहेगा कि चाय, कॉफी, पानी, समोसा, कचोरी, इडली-सांभर और बेसिक थाली जैसी चीजें तय दरों पर ही यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएं।

    क्या है उड़ान यात्री कैफे योजना

    ‘उड़ान यात्री कैफे’ दरअसल नागरिक उड्डयन मंत्रालय की पहल है जिसका उद्देश्य एयरपोर्ट पर यात्रियों को किफायती दरों पर खाने-पीने की सुविधा देना है। इस योजना के तहत कैफे में बेसिक फूड आइटम बहुत कम कीमत पर उपलब्ध कराए जाते हैं।

    यात्री संख्या के आधार पर हो रहा चयन

    एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी के मुताबिक नागरिक उड्डयन मंत्रालय एयरपोर्ट का चयन यात्रियों की संख्या और उड़ानों की आवाजाही के आधार पर चरणबद्ध तरीके से कर रहा है। पहले उन एयरपोर्ट को शामिल किया जा रहा है जहां यात्री संख्या ज्यादा है। इसी कारण हाल ही में देवी अहिल्याबाई होल्कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को इस योजना में शामिल किया गया है क्योंकि वहां भोपाल की तुलना में ज्यादा यात्रियों की आवाजाही होती है।

    यह भी देखें: भोपाल में युवक ने की आत्महत्या: मां की मौत के बाद से था डिप्रेशन में, पिपलानी स्थित घर में फांसी लगाकर दी जान

    भोपाल एयरपोर्ट पर पहले से है सस्ता फूड आउटलेट

    भोपाल एयरपोर्ट पर फिलहाल एक लो-कॉस्ट फूड आउटलेट पहले से संचालित है जहां कुछ खाद्य सामग्री 10 से 20 रुपये के आसपास मिल जाती है। हालांकि यह आउटलेट नागरिक उड्डयन मंत्रालय की आधिकारिक ‘उड़ान यात्री कैफे’ योजना के तहत नहीं चलता है।

    ये भी पढ़ें: MP News : अल्बानिया में मेडल जीतने के बाद फंस गई थी मप्र की रेसलर बेटी प्रियांशी, सीएम डॉ. यादव ने घर लौटने पर दी बधाई

    दो-चार महीने में मिल सकती है मंजूरी

    एयरपोर्ट प्रशासन को उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में मुख्यालय से मंजूरी मिल सकती है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कैफे शुरू किया जाएगा। यदि यह योजना लागू होती है तो भोपाल से यात्रा करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर सस्ती दरों पर चाय-नाश्ता और अन्य बेसिक फूड आइटम मिल सकेंगे जिससे हवाई सफर के दौरान खाने-पीने का खर्च कुछ हद तक कम हो सकेगा।

    Sumit  Shrivastava
    By Sumit Shrivastava

    सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

    Latest Posts