Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया गोली मारकर हत्या का आरोप; थाने के सामने चक्काजाम

सीहोर के इछावर में सचिन वर्मा की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने थाने के सामने चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि सचिन के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की गई है, जबकि पुलिस हत्या और सड़क हादसे दोनों एंगल से जांच कर रही है।
सीहोर में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया गोली मारकर हत्या का आरोप; थाने के सामने चक्काजाम
इछावर में भाऊखेड़ी जोड़ के पास मिला सचिन वर्मा का शव, हत्या और हादसे के बीच उलझी मौत की गुत्थी; चार थानों का पुलिस बल तैनात

सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद तनाव का माहौल बन गया। इछावर थाना क्षेत्र के भाऊखेड़ी जोड़ के पास शनिवार रात सचिन वर्मा की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सचिन के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की गई है। वहीं, पुलिस हत्या और सड़क हादसे दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

मौत की असली वजह सामने नहीं आने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार सुबह इछावर थाने के सामने इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। हालात को देखते हुए चार थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।

विवाद देखने के लिए रुका था सचिन

जानकारी के मुताबिक, सचिन वर्मा शनिवार रात बाइक से किसी काम के लिए निकला था। इसी दौरान वह भाऊखेड़ी जोड़ के पास पहुंचा, जहां कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था। बताया जा रहा है कि सचिन वहां रुककर विवाद देखने लगा। इसके कुछ समय बाद उसकी मौत की खबर सामने आई। हालांकि, विवाद किस बात पर हो रहा था और सचिन की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।

परिजनों ने लगाया गोली मारकर हत्या का आरोप

सचिन की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके सिर में गोली मारी गई है। उन्होंने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। चक्काजाम के कारण इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।

चार थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा

प्रदर्शन और तनाव को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। नसरुल्लागंज, आष्टा और सीहोर सहित चार थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे के अनुसार, मामले में अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सचिन की मौत गोली लगने से हुई या सड़क हादसे में। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts