सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में वन्यजीव रेस्क्यू के लिए 4 रैपिड रिस्पांस टीमों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की चार रैपिड रिस्पांस टीमों को मानव-वन्यजीव द्वंद्व से निपटने, ग्रामीणों से संवाद और रेस्क्यू टीम के साथ समन्वय का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में वन्यजीव रेस्क्यू के लिए 4 रैपिड रिस्पांस टीमों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व RRT प्रशिक्षण

सोहागपुर। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने मानव-वन्यजीव द्वंद्व की घटनाओं से निपटने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक अहम पहल की है। इसके तहत पचमढ़ी, पिपरिया, सोहागपुर और इटारसी उपवनमंडलों में गठित चार रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) के सदस्यों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की अनुभवी रेस्क्यू टीम ने उन्हें आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई, घटनास्थल प्रबंधन और मुख्य रेस्क्यू टीम के साथ समन्वय करने के तरीके सिखाए।

/img/15/1795667651906

ग्रामीणों से संवाद और भीड़ प्रबंधन पर दिया जोर

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के जनसंपर्क अधिकारी एवं सहायक संचालक आशीष खोबरागड़े ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व से पैदा होने वाली परिस्थितियों और उनके प्रभावी प्रबंधन की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने, भीड़ को नियंत्रित करने और आमजन में अनावश्यक भय व अफवाहों को रोकने के उपाय भी बताए। प्रशिक्षण के सैद्धांतिक सत्र में वरिष्ठ अधिकारियों और वन्यजीव विशेषज्ञों ने RRT की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से समझाया।

Sohagpur

मुख्य रेस्क्यू टीम के पहुंचने तक संभालेंगी मोर्चा

प्रशिक्षण में बताया गया कि मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व की सूचना मिलते ही RRT तत्काल घटनास्थल पर पहुंचेगी। टीम के सदस्य मुख्य रेस्क्यू टीम के आने तक स्थिति को संभालेंगे और ग्रामीणों व स्थानीय नागरिकों से संवाद कर आवश्यक समन्वय बनाए रखेंगे। इसके अलावा ग्रामीणों को जरूरी सावधानियों की जानकारी देने, भीड़ नियंत्रित करने और घटनास्थल पर सुरक्षित माहौल बनाए रखने में भी RRT सहयोग करेगी। मुख्य रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद उसके साथ मिलकर अभियान को सफल बनाने में मदद करेगी।

/img/15/1795667721517

इस व्यवस्था को मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व प्रबंधन की द्वितीय प्रतिक्रिया एवं सहयोगी व्यवस्था (Second Response Layer) के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य मुख्य रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले ही घटनास्थल पर जरूरी प्रबंधन सुनिश्चित करना है।

आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों का कराया गया अभ्यास

प्रशिक्षण के अंतिम चरण में रेस्क्यू अभियान में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। टीम सदस्यों को उपकरणों की कार्यप्रणाली समझाने के साथ उनका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। इस अवसर पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रबंधन के अनुसार, इस पहल से चारों उपवनमंडलों की RRT को आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने, ग्रामीणों से बेहतर संवाद करने और मुख्य रेस्क्यू टीम के साथ समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण, जन-सुरक्षा और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts