सतना में करंट लगने से मां-बेटे की मौत, घर में बेसुध मिले दोनों

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रजौला वार्ड क्रमांक 12 में करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय महिला और उसके 10 साल के बेटे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनीता देवी और उनके बेटे सुनील के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
खेत से लौटे पति, घर में बेसुध मिले मां-बेटे
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय घर में अनीता देवी और उनका बेटा सुनील मौजूद थे। अनीता के पति शुक्रवार सुबह खेत में काम करने गए थे। दोपहर में घर लौटने पर उन्होंने पत्नी और बेटे को जमीन पर बेसुध पड़ा देखा। दोनों की हालत देखकर पति घबरा गए। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद मां-बेटे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
शॉर्ट-सर्किट से करंट फैलने की आशंका
घटना की सूचना मिलने पर चित्रकूट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मर्ग कायम किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में शॉर्ट-सर्किट या किसी विद्युत उपकरण से करंट फैलने की आशंका है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और करंट कैसे फैला, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




















