सतना जिला अस्पताल के मेजर OT में बैक्टीरिया मिलने से बड़ी सर्जरी पर रोक, डिसइंफेक्शन के बाद होगी दोबारा जांच

सतना। जिला अस्पताल के मेजर ऑपरेशन थिएटर (OT) में बैक्टीरिया पाए जाने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सभी प्रमुख सर्जरी पर तत्काल रोक लगा दी है। नियमित जांच के लिए लिए गए नमूनों में OT की फर्श, दीवार, ऑपरेशन टेबल, लाइट और मेडिकल उपकरणों से बैक्टीरिया मिलने की बात सामने आई है। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने फिलहाल मेजर OT में सामान्य ऑपरेशन बंद कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक मेजर और मेटरनिटी OT से कुल 8 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें मेजर OT से लिए गए कई नमूनों में बैक्टीरिया की मौजूदगी पाई गई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने संक्रमण के स्रोत को खत्म करने और OT को दोबारा सुरक्षित बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पहले से एक मॉड्यूलर OT मशीन खराब
अस्पताल में सर्जरी की व्यवस्थाएं पहले से ही सीमित हैं। यहां एक मॉड्यूलर OT मशीन पहले से खराब पड़ी है जबकि एक अन्य ऑपरेशन थिएटर में मरम्मत का काम चल रहा है। ऐसे में मेजर OT बंद होने से सामान्य और बड़ी सर्जरी की सुविधा पर सीधा असर पड़ा है। अस्पताल प्रबंधन अब उपलब्ध ऑपरेशन थिएटर के जरिए जरूरी सेवाओं को संचालित करने की व्यवस्था कर रहा है।
प्रसव से जुड़ी जरूरी सर्जरी जारी
मेजर OT में सर्जरी रोक दिए जाने के बावजूद मेटरनिटी OT में प्रसव से जुड़ी जरूरी सर्जरी जारी रखी गई हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार गर्भवती महिलाओं की जरूरी सर्जरी और प्रसूति संबंधी आपात सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया जा रहा है। वहीं मेजर OT को दोबारा शुरू करने से पहले पूरे परिसर की गहन सफाई और संक्रमणरोधी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ये भी पढ़ें: गुटखा खाने से मना करने पर पत्नी ने पति पर कराई FIR, हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की; मां और दो बहनों को राहत
पूरे OT का डिसइंफेक्शन कराया जा रहा
बैक्टीरिया पाए जाने के बाद मेजर OT के पूरे परिसर का विशेष डिसइंफेक्शन कराया जा रहा है। इसके बाद फ्यूमीगेशन की प्रक्रिया भी की जाएगी।अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक इन सभी प्रक्रियाओं के बाद OT से फिर से कल्चर सैंपल लिए जाएंगे। जब तक जांच रिपोर्ट निगेटिव नहीं आती और बैक्टीरिया की मौजूदगी खत्म होने की पुष्टि नहीं होती तब तक बड़ी सर्जरी शुरू नहीं की जाएगी।
पहले फंगस मिलने की शिकायत भी सामने आई थी
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इससे पहले मेजर OT में फंगस की शिकायत सामने आई थी। इसके बाद जांच कराई गई थी। अब हालिया सैंपल जांच में बैक्टीरिया की मौजूदगी मिलने की पुष्टि हुई है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए OT को पूरी तरह सुरक्षित किए बिना वहां ऑपरेशन शुरू नहीं किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: मप्र हाईकोर्ट ने मुकदमों में देरी पर गाइडलाइन की मांग ठुकराई, कहा- हर केस के लिए एक फॉर्मूला संभव नहीं
रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही शुरू होगी सर्जरी
सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने बताया कि पहले OT में फंगस की शिकायत के बाद जांच कराई गई थी और अब बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि मेजर OT की पूरी तरह गहन सफाई और डिसइंफेक्शन कराया जा रहा है। उनके मुताबिक इसके बाद फ्यूमीगेशन कराया जाएगा और दोबारा कल्चर सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट पूरी तरह निगेटिव आने और संक्रमण खत्म होने की पुष्टि के बाद ही मेजर OT में सर्जरी दोबारा शुरू की जाएगी।




















