IPL 2026 :संजू सैमसन ने बना डाला ये 'सबसे तेज वाला' रिकॉर्ड, धोनी और रैना को पीछे छोड़ा

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 37वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। चेन्नई के घरेलू मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन असली चर्चा का केंद्र बने सीएसके के ओपनर संजू सैमसन।
बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
पारी की शुरुआत में ही संजू सैमसन ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। उन्होंने जैसे ही अपनी पारी का तीसरा रन पूरा किया, वह आईपीएल में 5000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए। इतना ही नहीं, उन्होंने यह मुकाम सबसे कम गेंदों में हासिल कर एक नया भारतीय रिकॉर्ड भी कायम कर दिया। इस उपलब्धि के साथ सैमसन ने सुरेश रैना और एमएस धोनी जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को आई हैमस्ट्रिंग चोट! कंधों के सहारे मैदान से बाहर, IPL 2026 से बाहर होने का खतरा?
3555 गेंदों में बना लिए 5000 रन
सैमसन ने यह कारनामा गुजरात के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की गेंद पर चौका लगाकर पूरा किया। उन्होंने सिर्फ 3555 गेंदों में 5000 रन पूरे किए, जबकि इससे पहले सुरेश रैना ने 3620 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। हालांकि, अगर कुल मिलाकर सबसे तेज 5000 रन बनाने की बात करें तो एबी डिविलियर्स अब भी शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 3288 गेंदों में यह रिकॉर्ड बनाया था। उनके बाद डेविड वॉर्नर, फिर संजू सैमसन, सुरेश रैना, केएल राहुल और एमएस धोनी का नाम आता है।
छोटी पारी में सिमटे सैमसन
हालांकि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बावजूद सैमसन अपनी पारी को ज्यादा लंबा नहीं खींच सके। उन्होंने 15 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौकों की मदद से 11 रन बनाए और पवेलियन लौट गए। इस सीजन में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, जहां उन्होंने कुछ शानदार शतक लगाए हैं, वहीं कई मैचों में जल्दी आउट भी हुए हैं।
ये भी पढ़ें: ‘गद्दार’ के आरोप के बाद सुरक्षा पर वार! पंजाब सरकार ने वापस ली हरभजन सिंह की Z+ सिक्योरिटी
आईपीएल करियर में मजबूत पकड़
संजू सैमसन के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 185 मैचों में 31.69 के औसत से 5008 रन बनाए हैं। उनके नाम 5 शतक और 26 अर्धशतक दर्ज हैं, जो उनके बैटिंग टैलेंट को दर्शाते हैं। भले ही इस मैच में वह बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उनका यह रिकॉर्ड उन्हें लीग के शीर्ष भारतीय बल्लेबाजों में मजबूती से स्थापित करता है।












