PlayBreaking News

समझौते के बहाने बुलाया… फिर चाकुओं से गोदकर हत्या,युवती समेत 4 आरोपी शामिल

द्वारकापुरी–अन्नपूर्णा सीमा पर खून की वारदात
Follow on Google News
समझौते के बहाने बुलाया… फिर चाकुओं से गोदकर हत्या,युवती समेत 4 आरोपी शामिल
शव को अस्पताल ले जाते परिजन इनसेट में मृतक
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर कानून पर भारी पड़ते नजर आए। द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सीमा पर सोमवार देर रात एक सीजिंग एजेंट की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड में एक युवती, उसका प्रेमी और उनके दो साथी शामिल बताए जा रहे हैं। महज एक दिन पहले सिगरेट पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी अंजाम ले लिया।

      तीन से ज्यादा वार, मौके पर मची अफरातफरी

    अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान यश पिता प्रदीप भान, निवासी द्वारकापुरी के रूप में हुई है। सोमवार रात करीब 1:30 बजे चारू परदेशी, उसका बॉयफ्रेंड रोहित और दो अन्य युवकों ने यश को फूटी कोठी इलाके में समझौते के बहाने बुलाया। यश के साथ उसका दोस्त विक्रम भी मौजूद था।शुरुआत में बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल गर्म हो गया। अचानक आरोपियों ने यश पर तीन से अधिक बार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खून से लथपथ यश को विक्रम तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

     सिगरेट की कहासुनी बनी मौत की वजह

    जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले चारू परदेशी और रोहित एक पान की दुकान पर सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान कमेंट्स को लेकर चारू और यश के बीच तीखी बहस हो गई थी। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। मामला वहीं शांत हो गया, लेकिन अंदर ही अंदर रंजिश सुलगती रही। सोमवार को इसी विवाद को “सुलझाने” के नाम पर यश को बुलाया गया और उसकी जान ले ली गई। पुलिस का कहना है कि मृतक यश सीजिंग एजेंट था, जबकि आरोपी नशे के आदी और आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं। 

     

      खाटू श्याम भागने की फिराक, पुलिस ने दबोचा

    हत्या के बाद पुलिस ने यश के दोस्त विक्रम से गहन पूछताछ की, जिसमें चारू की भूमिका साफ हो गई। पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग जगह दबिश दी। चारू के घर पर ताला मिला, जिसके बाद मोबाइल लोकेशन खंगाली गई।सूचना मिली कि आरोपी उज्जैन रोड होते हुए खाटू श्याम भागने की तैयारी में थे। अलसुबह द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चारू और रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

      चेकिंग पॉइंट से 100 मीटर दूर कत्ल

    सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जहां यह खूनखराबा हुआ, वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर द्वारकापुरी पुलिस का चेकिंग पॉइंट लगता है। इसके बावजूद बदमाशों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।

     थाना सीमा बनी उलझन

    घटना के बाद कुछ समय तक थाना क्षेत्र की सीमा को लेकर असमंजस बना रहा। करीब दो घंटे बाद अन्नपूर्णा थाना प्रभारी अजय नायर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। वहीं द्वारकापुरी थाना प्रभारी मनीष मिश्रा और उनकी टीम ने शुरुआती जांच में ही आरोपियों की पहचान कर ली थी और तुरंत घेराबंदी शुरू कर दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। इंदौर में यह हत्याकांड एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts