Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

स्टैंड खुला है... कहकर रुकवाया, फिर झपट लिया डेढ़ लाख का बैग!

सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में महिला बैंक कर्मी से हुई झपटमारी का पुलिस ने खुलासा किया। दो विधिविरुद्ध बालकों को पकड़ा गया, 50 हजार रुपये नकद, टैबलेट और बैग बरामद।
स्टैंड खुला है... कहकर रुकवाया, फिर झपट लिया डेढ़ लाख का बैग!
पुलिस ने बरामद की राशि

सागर। बहेरिया थाना क्षेत्र में महिला बैंक कर्मी से दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज झपटमारी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये नगद, कंपनी का सैमसंग टैबलेट, झपटा गया बैग तथा वारदात में इस्तेमाल की गई डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार 7 जुलाई 2026 को भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड (इंडसइंड बैंक) में संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत पूनम कहार फील्ड से समूह ऋण की वसूली कर वापस लौट रही थीं। उनके पास कलेक्शन की 95 हजार 25 रुपये की राशि, स्वयं के 20 हजार रुपये, कंपनी का सैमसंग टैबलेट, बायोमैट्रिक मशीन और अन्य आवश्यक सामग्री थी। कुल मिलाकर बैग में लगभग 1 लाख 31 हजार 368 रुपये मूल्य का सामान रखा हुआ था।

सुनसान सड़क पर रची थी पूरी साजिश

जब पूनम कहार वरुण स्मृति उद्यान और वेयरहाउस के बीच स्थित सुनसान मार्ग से गुजर रही थीं, तभी नीले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से स्कूटी का स्टैंड खुला होने की बात कहकर उन्हें रुकवा लिया। जैसे ही महिला कर्मचारी स्टैंड देखने के लिए नीचे झुकीं, बीच में बैठे युवक ने स्कूटी में टंगा बैग झपट लिया। वहीं पीछे बैठे आरोपी ने स्कूटी में लात मार दी जिससे महिला सड़क पर गिर गईं। इसके बाद तीनों आरोपी बैग लेकर तेज गति से फरार हो गए।

सूचना बनी पुलिस की सफलता का आधार

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बहेरिया में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार सुराग जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस ने दो विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी वीरसिंह पटैल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने झपटा गया बैग, कंपनी का सैमसंग टैबलेट, करीब 50 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त नीले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश, सुधार गृह भेजे गए

पुलिस ने दोनों विधिविरुद्ध बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें सुधार गृह भेज दिया गया। वहीं पुलिस अब फरार आरोपी वीरसिंह पटैल की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

ये भी पढ़ें: सतना में नहाने गए भाई-बहन की तालाब में डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम

पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सउनि देवेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक विश्वनाथ मिश्रा, कैलाश विश्वकर्मा, आरक्षक नरेन्द्र रावत, देवराजेन्द्र सोनी, बबलू पटैल, शुभम, राजेन्द्र, राघवेन्द्र, महिला आरक्षक नम्रता एवं भावना सहित थाना बहेरिया के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Edited By: Sumit Shrivastava

Anil Dubay
By Anil Dubay

Latest Posts