Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सागर शराब कांड में बड़ा खुलासा, यूपी से आती थी नकली ब्रांड वाली जहरीली शराब, 12 पर FIR दर्ज

सागर के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। 30 से ज्यादा लोगों को इलाज के लिए सागर रेफर किया गया है। सरकार ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं, मौतों के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन और चक्का जाम किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिवारों को न्याय और मदद देने की मांग की।
सागर शराब कांड में बड़ा खुलासा, यूपी से आती थी नकली ब्रांड वाली जहरीली शराब, 12 पर FIR दर्ज
सागर शराब कांड

मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र के बराज गांव में जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। 30 से ज्यादा लोगों को इलाज के लिए सागर रेफर किया गया है। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि आबकारी कमिश्नर को मौके पर भेजा गया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। ऐसी घटनाएं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस की शुरुआती जांच में सागर शराब कांड के तार उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जुड़े होने की आशंका सामने आई है। आरोप है कि ललितपुर में नकली शराब तैयार कर उसे असली ब्रांड की बोतल जैसा पैक किया जाता था। बोतलों पर नकली रैपर, ढक्कन और QR कोड लगाए जाते थे, ताकि शराब पहली नजर में असली लगे। मामले में 12 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

यूपी से शराब तैयार कर MP में सप्लाई

पुलिस के मुताबिक, ललितपुर से सटे इलाकों में एक गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली है। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों से कथित तौर पर पता चला कि नकली शराब तैयार करने के बाद उसे गाड़ियों और बाइक के जरिए मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा इलाके में भेजा जाता था। बांदरी, बढ़ोदिया, गूगरा खुर्ग, नौराज और बैराज समेत आसपास के गांवों में इसे कम कीमत पर खपाने की बात सामने आई है।

पुलिस की जांच जारी

अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच टीम यह पता कर रही है कि नकली शराब का यह कारोबार कब से चल रहा था और अब तक कितनी शराब सागर पहुंचाई गई। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सागर में शराब को आगे कौन लोग बेचते थे और इस पूरे काम में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग शामिल थे।

जहरीली शराब मामले में 12 पर FIR, संदिग्धों की तलाश तेज

सागर में जहरीली शराब मामले में पुलिस ने अब तक 12 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। संदिग्धों को पकड़ने के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है। बरामद शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि शराब में क्या मिला था और मौतों की असली वजह क्या रही।

शराब दुकानों और सप्लाई नेटवर्क पर भी नजर

घटना के बाद प्रशासन ने शराब की दुकानों और अवैध शराब के ठिकानों की जांच तेज कर दी है। कुछ दुकानों को सील करने की कार्रवाई भी की गई है। अब पुलिस ललितपुर से सागर तक पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है और पता लगाया जा रहा है कि इस कारोबार से कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

X Post
X Post

जहरीली शराब मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन

सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के विरोध में अब कांग्रेस ने प्रदर्शन किया है। पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी के नेतृत्व में शव रखकर चक्का जाम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को न्याय व उचित मदद देने की मांग की।

सागर शराब कांड पर उमंग सिंघार का सरकार पर हमला

सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार और आबकारी विभाग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शराब महंगी बिक रही है और ठेकेदार अवैध वसूली कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि जहरीली शराब कौन बेच रहा है और आबकारी विभाग ने अब तक इस पर नजर क्यों नहीं रखी। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

X Post

शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक बराज गांव में कुछ लोगों ने शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। देखते ही देखते 12 लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बंडा एसडीओपी ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सुबह घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

 

पोस्टमॉर्टम की तैयारी, जांच में जुटी पुलिस

एसडीओपी के मुताबिक मृतकों के पोस्टमॉर्टम की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि मृतकों ने किस तरह की शराब पी थी और वह शराब उनके पास कहां से पहुंची। पुलिस ने गांव के लोगों से भी जानकारी जुटाई है। ग्रामीणों ने इन लोगों के शराब पीने की बात बताई है। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब जहरीली थी या मौत की कोई दूसरी वजह रही।

गांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर पहले भी शिकायतें

बताया जा रहा है कि बंडा और आसपास के इलाकों में अवैध शराब की बिक्री को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय स्तर पर अलग-अलग ब्रांड की अवैध शराब बेचे जाने की शिकायतें आबकारी विभाग तक पहुंचने की बात कही जा रही है। हाल ही में एक ठेकेदार ने भी इलाके में नकली शराब बिकने की शिकायत आबकारी विभाग से की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई। अब 12 लोगों की मौत के बाद अवैध शराब की बिक्री को लेकर सवाल और गंभीर हो गए हैं।

Breaking News

आला अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी बराज गांव पहुंच गए हैं। मौके पर जांच की जा रही है और मृतकों के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब कहां से खरीदी गई थी और इसे बेचने वाले कौन लोग थे। मामले में जांच आगे बढ़ने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

पहले भी सामने आ चुके हैं विवाद

बंडा और आसपास के इलाकों में अवैध शराब को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। कुछ महीने पहले बंडा से सटे शाहपुर में शराब कंपनी के कर्मचारियों पर दो युवकों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था, जिसमें दोनों युवकों की मौत हो गई थी। अब बराज गांव में 12 लोगों की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में एक बार फिर अवैध शराब को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच पर सभी की नजर है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि 12 लोगों की मौत की वास्तविक वजह क्या थी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts