हरदा में नगर परिषद की गाड़ी में लगी भीषण आग, उठी आग की ऊंची लपटें, पाइप फटने से हुआ हादसा

हरदा जिले के टिमरनी में शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। न्यू मार्केट में नगर परिषद की फॉगिंग मशीन से मच्छरों की दवा का छिड़काव किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन में आग लग गई। कुछ ही पलों में आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी गाड़ी लपटों की चपेट में आ गई। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रात करीब 8 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की है। न्यू मार्केट इलाके में नगर परिषद की फॉगिंग गाड़ी मच्छरों की दवा का छिड़काव कर रही थी। इसी दौरान अचानक गाड़ी में आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। सड़क पर दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहन भी कुछ देर के लिए रुक गए। ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए।
राहगीरों ने दी फायर विभाग को सूचना
गाड़ी में आग लगने के बाद राहगीरों ने तुरंत नगर के फायर विभाग को सूचना दी। आग पर काबू पाने के लिए पहले पानी के टैंकर की मदद ली गई। कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास के इलाके में फैलने से बच गई।
ये भी पढ़ें: भोपाल के चेतक ब्रिज पर देर रात पलटा तेल से भरा ट्रक, एक बच्चे समेत 3 घायल, देवास से लौटते समय हुआ हादसा
ऑयल पाइप फटने से आग लगने की आशंका
नगर परिषद अध्यक्ष देवेन देवेंद्र भारद्वाज ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार ऑयल का पाइप फटने की वजह से आग लगी। उन्होंने बताया कि फॉगिंग मशीन में दबाव के साथ दवा का छिड़काव किया जाता है। मशीन के संचालन में ऑयल और पेट्रोल का इस्तेमाल होता है। उन्होंने बताया कि गाड़ी के निचले हिस्से में ऑयल और पेट्रोल से जुड़े पाइप लगे होते हैं। आशंका है कि इनमें से कोई पाइप फट गया होगा। इसके बाद चिंगारी निकलने से आग भड़क गई और देखते ही देखते गाड़ी ने आग पकड़ ली।
आबादी वाले इलाके में नहीं थी गाड़ी
नगर परिषद अध्यक्ष ने बताया कि हादसे के वक्त फॉगिंग गाड़ी आबादी वाले इलाके में नहीं थी। अगर गाड़ी उस समय घनी आबादी के बीच होती तो हादसा और बड़ा हो सकता था। समय पर दमकल की टीम पहुंचने से आग पर नियंत्रण पा लिया गया। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आग किस वजह से लगी और मशीन में तकनीकी खराबी कहां हुई थी।
ये भी पढ़ें: इंजन से उठी चिंगारी ने बस को बनाया आग का गोला, 22 यात्रियों को राहगीरों ने बचाया
नागरिकों ने उठाए रखरखाव पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद के वाहनों की देखभाल और समय पर मरम्मत को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि नगर की सेवा में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की नियमित जांच और रखरखाव बेहद जरूरी है। नागरिकों के मुताबिक अगर वाहनों की समय-समय पर जांच और जरूरी मरम्मत होती रहे, तो इस तरह की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। फिलहाल नगर परिषद की ओर से घटना की पूरी जानकारी जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।




















