गुना में 48 घंटे से बारिश का कहर, गोपीसागर डैम के 2 गेट खुले

गुना। जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार बारिश का दौर जारी है। शनिवार को भी रुक-रुककर तेज बारिश और रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं। लगातार बारिश के चलते इस सीजन में पहली बार ऐतिहासिक गोपीकृष्ण सागर यानी गोपीसागर डैम के दो गेट खोलने पड़े हैं। वहीं, शहर के सिंगवासा और भुजरिया तालाब भी लबालब होकर ओवरफ्लो हो रहे हैं।
23.4 मिमी बारिश, तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, 5 सितंबर को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक गुना शहर में 23.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूरे दिन घने बादल और बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई। शनिवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में सिर्फ 1.6 डिग्री का अंतर रहा। हवा में नमी का स्तर भी 98 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई।
गोपीसागर से 164 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा
लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बांध प्रबंधन ने गोपीसागर डैम का गेट नंबर-2 को 0.50 मीटर और गेट नंबर-3 को 1 मीटर तक खोल दिया है। कुल 1.50 मीटर तक गेट खोलकर करीब 164.44 क्यूमेक्स पानी चोपन नदी में छोड़ा जा रहा है।
7 गांवों में अलर्ट
डैम से पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने चोपन नदी के आसपास के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है। रूठियाई, अजरोड़ा, ब्रसंगपुरा (बुद्धापुरा), दावतपुरा, बालाभेंट, कोटरा और भुलाय गांवों के लोगों को नदी और रपटों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों से मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई है।
अब तक 859.4 मिमी बारिश
सितंबर की शुरुआत में हुई बारिश गुना जिले के लिए राहत लेकर आई है। जिले में अब तक 859.4 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सीजन के सामान्य कोटे का करीब 84 प्रतिशत है। ब्लॉकवार आंकड़ों में मकसूदनगढ़ 1368 मिमी बारिश के साथ सबसे आगे है। इसके बाद कुंभराज में 1103 मिमी और चांचौड़ा में 937 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
अगले 24 घंटे भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम से तेज बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और बांध प्रबंधन की टीम जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।




















