Royal Scindia Family :सिंधिया राजपरिवार में जल्दी बजेगी शहनाई, दूल्हा बनेंगे महान आर्यमन!

सिंधिया राजपरिवार में जल्दी बजेगी शहनाई, दूल्हा बनेंगे महान आर्यमन!
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। केंद्रीय संचार मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के घर में भी जल्द शहनाई बज सकती है। इस तरह के संकेत ग्वालियर राजघराने के महाराज केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने खुद दिए हैं। सिंधिया का कहना है कि उनके बेटे ‘युवराज साहब’ महान आर्यमन सिंधिया 30 वर्ष के हो गए हैं और उनकी शादी के बारे में जल्दी ही विचार करना पड़ेगा। दरअसल, केंद्रीय मंत्री सिंधिया को अपने बेटे की शादी की चिंता उस वक्त हुई जब उनके क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि अपनी बेटी के विवाह का आमंत्रण देने पहुंचे थे।  ज़िला पंचायत सदस्य अनूप कुशवाह अपनी बेटी की शादी का कार्ड लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास पहुंचे। कुशवाह ने बताया कि उनकी तीसरी बेटी की शादी का निमंत्रण है। इस पर सिंधिया आश्चर्यचकित हो गए। उन्होंने कुशवाह से कहा,  अरे अभी तो तुम ही बच्चे हो, तुम्हारी उम्र क्या है? तब कुशवाह और उनकी पत्नी ने बताया कि दो बेटियों की शादी हो चुकी है, यह तीसरी बेटी की शादी है।

    जल्दी शादी पक्की करनी पड़ेगी

    सिंधिया ने कुशवाह से पूछा और कितनी बेटी हैं? कुशवाह ने बताया तीन ही हैं, एक बेटा है। इस पर सिंधिया ने कहा कि ‘अनूप, तुम तो मुझे शर्मिंदा कर रहे हो! युवराज साहब 30 साल के हो गए,अब तो उनकी जल्दी शादी पक्की करानी पड़ेगी।’ मजाक में कही गईं सिंधिया और कुशवाह की ये बातें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। महाराज की इन बातों से ग्वालियर-गुना के लोगों के बीच बातें होने लगी है कि शायद जल्दी ही उन्हें रायल वेडिंग में शामिल होने का मौका मिल सकता है। 

    हाल ही में महान आर्यमन बने हैं MPCA के अध्यक्ष

    उल्लेखनीय है कि सिंधिया रॉयल फैमिली के युवराज महान आर्यमन सिंधिया ने हाल ही में मप्र क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली है। सीनियर सिंधिया के इस फैसले से भी लगता है कि अब वे बेटे को बड़ी जिम्मेदारियां संभालने के लिए मेच्योर मानने लगे हैं। इससे पहले महान आर्यमन चुनाव के दौरान अपने पिता के लोकसभा क्षेत्र में भी सक्रिय देखे गए हैं। हालांकि वे राजनीति में नहीं आए हैं। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

    Latest Posts