महिला कर्मचारी से फोन पर अमर्यादित बातचीत, चाकघाट CMO शंखधर पांडेय सस्पेंड

रीवा। चाकघाट नगर परिषद के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) शंखधर पांडेय को महिला कर्मचारी से फोन पर अमर्यादित और अशोभनीय बातचीत के मामले में निलंबित कर दिया गया है। महिला कर्मचारी की शिकायत और सोशल मीडिया पर सामने आए कथित ऑडियो की जांच कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कराई थी। जांच में लगाए गए आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद कलेक्टर के प्रतिवेदन पर रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने निलंबन के आदेश जारी किए। निलंबन अवधि में शंखधर पांडेय का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास कार्यालय रीवा रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील नियम, 1966 के तहत की गई है।
महिला कर्मचारी ने की थी शिकायत
मामला करीब 15 दिन पहले की शिकायत से जुड़ा बताया जा रहा है। नगर परिषद की महिला कर्मचारी ने अधिकारियों को दिए आवेदन में प्रभारी CMO पर अनुचित बातचीत और दबाव बनाने के आरोप लगाए थे। महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं करने पर उसके खिलाफ नौकरी से हटाने की कार्रवाई की गई। शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी ऑनलाइन उपस्थिति आईडी बंद कर दी गई तथा वेतन और ईपीएफ से संबंधित समस्याएं भी बनी हुई हैं। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, श्रम विभाग तथा नगरीय प्रशासन के अधिकारियों को आवेदन दिए थे।
ये भी पढ़ें: अतिवृष्टि से फसलें बर्बाद, किसानों ने मांगा मुआवजा; खाद के ई-टोकन पर भी उठाए सवाल
ऑडियो सामने आने के बाद जांच
इस बीच मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसमें अधिकारी की आवाज में महिला कर्मचारी से निजी तौर पर साथ समय बिताने की बात किए जाने का दावा किया गया। ऑडियो की शिकायत के बाद प्रशासन ने इसकी जांच कराई। कलेक्टर द्वारा कराई गई जांच में कार्यालय की महिला कर्मचारी से फोन पर अमर्यादित बातचीत के आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए गए। इसके बाद कलेक्टर ने कार्रवाई के लिए संभागायुक्त को प्रतिवेदन भेजा। रिपोर्ट के आधार पर कमिश्नर ने CMO को निलंबित कर दिया।




















